नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी दहिया और उनके पति विवेक दहिया ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर परिवार में आने वाली खुशी की खबर साझा की और बताया कि दोनों माता पिता बनने वाले हैं।
दिव्यांका ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह जानकारी साझा करते हुए बताया है कि शादी के दस साल बाद उन्हें यह खुशी नसीब हुई है।
पोस्ट में वह अपने पति विवेक दहिया के साथ नजर आ रही हैं, जिसमें उनका ‘बेबी बंप’ नजर आ रहा है। एक अन्य तस्वीर में दंपति नन्हें जूते पकड़े हुए दिख रहा है।
दिव्यांका ने पोस्ट में लिखा, “10 साल बाद कहानी में नया मोड़। कुछ सफर जल्दबाजी के लिए नहीं होते, बल्कि साथ मिलकर तैयार होने के लिए होते हैं। और जब लगता है कि कहानी पूरी हो गई है, तभी जिंदगी सबसे खूबसूरत अध्याय जोड़ देती है।”
उन्होंने लिखा, “हम अब भी इस पल को महसूस कर रहे हैं और बिना वजह मुस्कुरा रहे हैं। दिल में आभार के साथ हम यह जानकारी साझा कर रहे हैं कि हम माता-पिता बनने वाले हैं।”
इस पोस्ट को विवेक दहिया ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया।
दिव्यांका और विवेक की मुलाकात टीवी धारावाहिक ‘ये है मोहब्बतें’ के सेट पर हुई थी और दोनों ने वर्ष 2016 में विवाह किया था।
भाषा
राखी नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.