नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली में करीब 90 लाख रुपये के सोने और हीरे के आभूषण चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नशे के लिए पैसों का इंतजाम करने के वास्ते चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी की पहचान बुराड़ी निवासी सनी सरकार (22) के रूप में हुई है, जिसके पास से 400 ग्राम चोरी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और पहले भी पानी के मीटर चोरी करने जैसे छोटे-मोटे अपराधों में शामिल रहा है लेकिन कभी पकड़ा नहीं गया।
जांच के दौरान पता चला कि सनी सरकार ने मुखर्जी नगर स्थित रामलीला मैदान के पास एक घर को निशाना बनाया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्य गेट आसानी से खुल जाने के बाद वह घर में घुस गया और आभूषण चुरा लिए।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में आरोपी घर के सामने से प्रवेश करता और पीछे के रास्ते से निकलते हुए दिखाई दिया। इसके बाद वह पैदल बत्रा बांध की ओर गया और वहां से ई-रिक्शा लेकर कोरोनेशन पार्क पहुंचा।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया और उसके घर से चोरी के सभी आभूषण बरामद कर लिए गए।
भाषा राखी नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.