नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) दिल्ली सरकार ने गर्मी का मौसम नजदीक आने के साथ ही घनी आबादी वाले इलाकों में हरित क्षेत्रों को बेहतर बनाने का काम शुरू कर दिया है, ताकि गर्मी के महीनों में पार्कों में ज्यादा समय बिताया जा सके।
दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड ने कई शहरी झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों और उनसे सटे पार्कों में पर्यावरण सुधार अभियान शुरू किया है।
विभाग ने बताया कि यह अभियान वर्तमान में शकूर बस्ती (शिशु वाटिका), ओल्ड सीलमपुर, द्वारका, गोयला डेयरी, पीरागढ़ी, नांगलोई, रघुबीर नगर और पश्चिम पुरी जैसे क्षेत्रों में जारी है तथा इसी तरह के कार्य चरणबद्ध तरीके से अन्य स्थानों पर भी शुरू किए जाएंगे।
बोर्ड के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य जैविक खाद के प्रयोग और बुनियादी भूनिर्माण उपायों के माध्यम से मौजूदा पार्कों की स्थिति में सुधार करना है।
अधिकारी ने बताया कि चुनिंदा वृक्षों और विभिन्न प्रकार की झाड़ियों का रोपण भी इस योजना का हिस्सा है, जिससे इन इलाकों में हरियाली बढ़ेगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस योजना में वृक्ष, झाड़ियां और बाड़ लगाने के साथ-साथ दूब घास बिछाकर हरे-भरे क्षेत्र विकसित करना शामिल है।
अधिकारी ने बताया कि इस अभियान का लक्ष्य कम उपयोग वाले हरे-भरे क्षेत्रों को पुनर्जीवित करना और भीषण गर्मी के दौरान उनकी देखभाल सुनिश्चित करना है।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.