(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को ईद-उल-फितर की पूर्व संध्या पर लोगों को बधाई दी और सभी से समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने एवं राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि रमजान के पवित्र महीने की समाप्ति के बाद मनाया जाने वाला यह त्योहार, आत्म-संयम, दान और वंचितों के प्रति करुणा का संदेश देता है। मुर्मू ने कहा कि यह प्रेम, भाईचारे, शांति और आपसी सौहार्द का संदेश भी देता है।
राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘यह त्योहार हमें याद दिलाता है कि हमें सभी व्यक्तियों के कल्याण के लिए प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर, आइए हम जरूरतमंदों की सहायता करने, समाज में एकता और सौहार्द को बढ़ावा देने और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लें।’’
राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा, ‘‘ईद-उल-फितर के शुभ अवसर पर, मैं सभी देशवासियों को, विशेष रूप से भारत और विदेशों में रहने वाले मुस्लिम भाई-बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देती हूं।’’
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.