गुवाहाटी, 20 मार्च (भाषा) असम विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया ने शुक्रवार को शिवसागर जिले के नाजिरा निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया।
कांग्रेस ने नौ अप्रैल को होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों के लिए छह दलों के साथ गठबंधन किया है, जिसमें रायजोर दल, असम जातीय परिषद, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) लिबरेशन और ऑल पार्टी हिल्स लीडर्स कॉन्फ्रेंस शामिल हैं।
सैकिया ने नाजिरा से लगातार चौथी बार चुनाव लड़ने के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, जो उनके परिवार का गढ़ माना जाता है। उनके साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई और अन्य नेता मौजूद थे।
सैकिया के पिता और पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत हितेश्वर सैकिया और माता हेमप्रभा सैकिया ने पूर्व में विधानसभा में नाजिरा का प्रतिनिधित्व किया था।
कांग्रेस नेता ने अपनी सीट जीतने के साथ-साथ राज्य में विपक्षी गठबंधन के सत्ता में आने और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के 10 साल के शासन को समाप्त करने का विश्वास व्यक्त किया।
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिये मतगणना चार मई को होगी।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
