मुंबई, 20 मार्च (भाषा) कांग्रेस की मुंबई इकाई की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने शुक्रवार को केंद्र और महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकारों को अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के मुद्दे के लिए जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने मुंबई की महापौर (भाजपा पार्षद) ऋतु तावड़े को इस मुद्दे पर अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से सवाल करने की चुनौती दी।
इस मुद्दे पर तावड़े द्वारा की गयी कुछ टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए गायकवाड़ ने कहा कि केंद्र में 12 सालों से भाजपा का शासन होने तथा राज्य में (2014-19 तथा 2024 के उत्तरार्ध से) पार्टी के सत्तारूढ़ रहने के बाद भी यदि अवैध बांग्लादेशी मुंबई में रह रहे हैं तो इस संबंध में जिम्मेदारी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एवं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की बनती है।
मुंबई उत्तर मध्य से लोकसभा सदस्य गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि दोनों नेता अपने कर्तव्य निर्वहन में विफल रहे हैं। उन्होंने महापौर को चुनौती दी कि वह बांग्लादेश से अवैध प्रवासन के लिए कांग्रेस को दोषी ठहराने के बजाय उनसे इस्तीफे की मांग करें।
गायकवाड़ ने पूछा, “महापौर की जिम्मेदारी बिजली, सड़क और पानी जैसी नागरिक सेवाएं सुनिश्चित करना है, लेकिन वह बार-बार बांग्लादेशियों के बारे में बात कर रही हैं। अगर भाजपा का दावा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत हाथों में है, तो अवैध प्रवासियों का मुद्दा कैसे उठता है? बांग्लादेशी और रोहिंग्या भारत में कैसे दाखिल हुए?”
कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि इस तरह के मुद्दों का लगातार बने रहना सीमा सुरक्षा में चूक को दर्शाता है। उन्होंने केंद्र सरकार के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रबंधन पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र सरकार को जवाबदेह ठहराने के बजाय महापौर कांग्रेस को दोष दे रही हैं। भाजपा को अपनी विफलताओं का दोष दूसरों पर डालना बंद करना चाहिए और (बांग्लादेश से अवैध प्रवासन के मुद्दे पर) सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।’’
भाषा
राजकुमार मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
