scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशसीबीआई ने 2,929 करोड़ रुपये के ‘आरकॉम’ मामले में अनिल अंबानी से दूसरे दिन भी पूछताछ की

सीबीआई ने 2,929 करोड़ रुपये के ‘आरकॉम’ मामले में अनिल अंबानी से दूसरे दिन भी पूछताछ की

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) सीबीआई ने भारतीय स्टेट बैंक की शिकायत पर शुक्रवार को रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (आरकॉम) और अनिल अंबानी के खिलाफ दर्ज 2,929 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले के संबंध में उद्योगपति से लगातार दूसरे दिन भी पूछताछ की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि अनिल अंबानी सुबह करीब 10 बजे एजेंसी के मुख्यालय पहुंचे।

अधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बैंक द्वारा कंपनी को जारी की गई ऋण निधि में धन के कथित हेरफेर, गबन और अन्य अनियमितताओं के संबंध में बृहस्पतिवार को उद्योगपति से जवाब मांगा था।

अंबानी के प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा था, ‘‘इस पेशी से अंबानी की यह प्रतिबद्धता प्रदर्शित होती है कि वह इस मामले में सभी एजेंसियों के साथ पूर्ण सहयोग करेंगे।’’

अधिकारियों ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से 2,929 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में सीबीआई ने पिछले साल अगस्त में अंबानी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

एसबीआई की शिकायत के अनुसार, कंपनी पर विभिन्न ऋणदाताओं का 40,000 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया था, जिसमें अकेले सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक को 2018 के आंकड़ों के अनुसार 2,929 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

यह शिकायत अब प्राथमिकी का हिस्सा है।

सीबीआई ने अंबानी और ‘आरकॉम’ के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोप में मामला दर्ज किया है।

जांच एजेंसी के एक प्रवक्ता ने पिछले साल अगस्त में एक बयान में कहा था, ‘‘आरोप है कि आरोपियों ने आपराधिक साजिश रचकर रिलायंस कम्युनिकेशन लिमिटेड के पक्ष में एसबीआई से ऋण सुविधाएं स्वीकृत कराने के लिए गलत जानकारी दी।’’

अंबानी के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘अनिल अंबानी सभी आरोपों का खंडन करते हैं और अपना बचाव स्वयं करेंगे।’’

सूत्रों के अनुसार, एजेंसी ने मुंबई के कफ परेड स्थित अंबानी के आवास ‘सी विंड’ की भी तलाशी ली।

अंबानी के प्रवक्ता के अनुसार, एसबीआई द्वारा दायर की गई शिकायत 10 साल से अधिक पुराने मामलों से संबंधित है।

प्रवक्ता ने उस समय एक बयान में कहा था कि अंबानी उस वक्त कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशक थे और कंपनी के दैनिक प्रबंधन में उनकी कोई भागीदारी नहीं थी।

इसमें कहा गया, ‘‘यह मामला पिछले छह वर्षों से राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) और उच्चतम न्यायालय सहित अन्य न्यायिक मंचों के समक्ष विचाराधीन है।’’

बयान में कहा गया कि अनिल अंबानी ने एसबीआई की घोषणा को सक्षम न्यायिक मंच के समक्ष विधिवत चुनौती दी है।

भाषा नेत्रपाल दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments