नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद उनकी सुरक्षा की समीक्षा की गई और इस मामले में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि फोन करने वाले का पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में पता चला है।
अधिकारियों ने बताया कि कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी को 18 मार्च को सुबह करीब 11 बजे एक अज्ञात नंबर से धमकी भरा फोन आया।
तुगलक रोड थाने में उनकी तरफ से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, फोन करने वाले ने मंत्री को जान से मारने की धमकी दी और एमपी5 जैसी बंदूकों का जिक्र किया।
शिकायत में कहा गया है कि फोन करने वाले ने यह भी पूछा कि क्या मंत्री ने उन्हें भेजे गए कुछ दस्तावेज देखे और फोन कॉल काटने से पहले कई बार धमकी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बाद में उसी नंबर से आए संदेशों में मंत्री के “यात्रा कार्यक्रम” के विवरण पर धमकियां लिखी हुई थीं।
शिकायत के अनुसार, फोन करने वाले ने दावा किया कि यह जानकारी “ऊपर से भेजी गई है”, जिससे चिंता और बढ़ गई। इसमें कहा गया कि कॉल विवरण, संदेश और स्क्रीनशॉट समेत सभी जरूरी सबूत पुलिस को दे दिए गए हैं।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि चौधरी के घर के पास संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं, जिनमें अज्ञात लोगों द्वारा कथित तौर पर निगरानी किए जाने की बात भी शामिल है।
इसमें कहा गया कि कुछ दिन पहले चौधरी के घर के पास काले शीशों वाली एक सफेद रंग कार काफी देर तक खड़ी देखी गई थी। कार में बैठे लोग कथित तौर पर आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में फोन करने वाले की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी मोहम्मद इस्माइल के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उसे पकड़ने और धमकी देने के पीछे का कारण पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने यह भी कहा कि वे सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
भाषा खारी दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
