scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशबीआरओ ने मुगल एवं बसोहली-भदरवाह मार्गों पर बर्फ हटाने का काम तेज किया

बीआरओ ने मुगल एवं बसोहली-भदरवाह मार्गों पर बर्फ हटाने का काम तेज किया

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

जम्मू, 20 मार्च (भाषा) जम्मू क्षेत्र के कई हिस्सों में भारी बर्फबारी के कारण यातायात बाधित होने के मद्देनजर, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने मुगल रोड और बसोहली-बानी-भदरवाह रोड पर से बर्फ हटाने का काम तेज कर दिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मंगलवार को इलाके में भारी बर्फबारी के बाद मुगल रोड को वाहनों के लिए बंद कर दिया गया था। यह रोड जम्मू क्षेत्र के दो सीमावर्ती जिलों–पुंछ और राजौरी को दक्षिण कश्मीर के शोपियां से जोड़ता है।

अधिकारियों ने कहा, ‘‘पुंछ में भारी बर्फबारी के कारण यातायात बाधित होने के बाद मुगल रोड पर से बर्फ हटाने का काम चल रहा है। सीमा सड़क संगठन की 79वीं आरसीसी टीम इस मार्ग को जल्दी खोलने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही है।’’

उन्होंने बताया कि बीआरओ की 52वीं आरसीसी ने हिरपोरा से पीर की गली तक सड़क साफ कर दी है, लेकिन बृहस्पतिवार रात भारी बर्फबारी होने से यह अभियान मुश्किल हो गया।

उन्होंने यह भी बताया कि बीआरओ की ‘संपर्क’ परियोजना के तहत सीमा सड़क कार्य बल ने मुगल रोड पर भारी बर्फ में फंसे एक वाहन को निकालने के लिए अभियान चलाया।

अधिकारियों ने बताया कि भारी बर्फबारी के कारण बसोहली-बानी-भदरवाह सड़क पर यातायात बाधित हो जाने पर बीआरओ ने सफाई अभियान तेज कर दिया लेकिन बृहस्पतिवार को फिर बर्फबारी हो गयी।

उन्होंने बताया कि भारी बर्फबारी के कारण पिछले दो दिन से डोडा जिला कठुआ से कटा हुआ है, ऐसे में यातायात बहाल करने के लिए अतिरिक्त कर्मियों और मशीनरी लगायी गयी है।

उन्होंने बताया कि रियासी जिले में रियासी-महोरे सड़क पर मलाई नाला में भीषण भूस्खलन होने के बाद मलबा हटाने के लिए एक और अभियान चलाया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि रियासी-अरनास-महोरे सड़क पर चासाना, मलाई नाला और कंसौली में कई स्थानों पर भूस्खलन हुए हैं और बीआरओ रास्ते से मलबा हटाने का प्रयास कर रहा है।

भाषा राजकुमार अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments