कोच्चि (केरल), 20 मार्च (भाषा) पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता जोसेफ वझक्कन शुक्रवार को काफी निराश हो गए क्योंकि उन्होंने चुनाव लड़ने की तैयारी में चुनावी पोस्टर और बैनर छपवा लिए थे, लेकिन अंतिम समय में उन्हें टिकट नहीं दिया गया।
वझक्कन ने यहां पत्रकारों से कहा कि इस झटके के बावजूद वह पार्टी के प्रति प्रतिबद्ध रहेंगे।
उन्होंने बताया कि एट्टुमन्नूर निर्वाचन क्षेत्र से उनके नाम पर विचार किया जा रहा था।
लेकिन बृहस्पतिवार को कांग्रेस ने जिला पार्टी अध्यक्ष नट्टाकोम सुरेश को इस सीट से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया।
वझक्कन ने कहा, “मुझे बताया गया था कि स्क्रीनिंग कमेटी और अन्य प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद केवल एक ही नाम विचाराधीन था। इसलिए मैंने पोस्टर और बैनर छपवाने समेत तैयारियां शुरू कर दीं। अंतिम निर्णय अप्रत्याशित था और इससे मुझे कुछ असहज कर दिया।”
उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व को अपनी नाराजगी से अवगत करा दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मैं पार्टी के लिए कोई परेशानी खड़ी नहीं करूंगा। चूंकि मैंने पहले ही तैयारियां शुरू कर दी थीं, इसलिए निराश होना स्वाभाविक है। कम से कम मुझे पहले ही सूचित कर दिया जाना चाहिए था कि मेरे नाम पर विचार नहीं किया जा रहा है।’’
वैसे वझक्कन ने स्पष्ट किया कि पार्टी ने उनसे प्रचार सामग्री छापने के लिए स्पष्ट रूप से नहीं कहा था लेकिन यह संकेत दिया था कि उनके नाम पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
