scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशदिल्ली में सीट बंटवारा वार्ता पर द्रमुक का अन्नाद्रमुक पर तंज, कहा-पार्टी दफ्तर पर 'ताला' जड़ दें

दिल्ली में सीट बंटवारा वार्ता पर द्रमुक का अन्नाद्रमुक पर तंज, कहा-पार्टी दफ्तर पर ‘ताला’ जड़ दें

Text Size:

चेन्नई, 20 मार्च (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के प्रमुख ई.के. पलानीस्वामी पर तंज कसते हुए कहा कि उनका दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत करना अप्रत्याशित है, क्योंकि तमिलनाडु में विपक्षी दल (अन्नाद्रमुक) राजग का नेतृत्व कर रहा है।

द्रमुक नेता एवं राज्य मंत्री के. एन. नेहरू ने तंज कसते हुए अन्नाद्रमुक से कहा कि उसे यहां स्थित अपने मुख्यालय पर ”ताला” जड़ देना चाहिए। उन्होंने हैरानी जताई कि तमिलनाडु आधारित पार्टी जोकि गठबंधन का नेतृत्व कर रही है सीट बंटवारे की बातचीत राष्ट्रीय राजधानी में कैसे कर सकती है।

नेहरू ने भाजपा नेता के साथ मुलाकात को लेकर आरोप लगाया कि जांच एजेंसियां द्वारा समन भेजे जाने की तरह ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीट बंटवारे की बातचीत के लिए पलानीस्वामी को बुलाया है।

एक बयान में द्रमुक के प्रधान सचिव ने कहा, “यदि अन्नाद्रमुक तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेतृत्व कर रही है तो सीट बंटवारे की वार्ता चेन्नई स्थित उसके मुख्यालय में होनी चाहिए थी, लेकिन पलानीस्वामी अमित शाह के आवास पर बातचीत कर रहे हैं। गठबंधन का नेतृत्व करने वाली पार्टी के कार्यालय में एक बार भी सीट बंटवारे पर चर्चा नहीं हुई, न ही पलानीस्वामी के चेन्नई स्थित आवास पर।”

नेहरू ने सवाल किया कि क्या यह बैठक रॉयपेट्टा स्थित उस मुख्यालय में नहीं हो सकती थी, जिसे अन्नाद्रमुक के दिवंगत संस्थापक एम जी रामचंद्रन ने बनवाया था।

कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, “चुनाव खत्म होने तक आप रॉयपेट्टा के अव्वई षणमुगम सलाई स्थित पार्टी मुख्यालय पर ताला जड़ सकते हैं।”

नेहरू ने कहा, ‘‘गठबंधन का नेतृत्व करने वाली पार्टी को भाजपा, पीएमके, एएमएमके और अन्य सहयोगियों को सीटें आवंटित करनी चाहिए। यह परंपरा दिवंगत नेताओं एम जी रामचंद्रन और जे जयललिता के समय से चली आ रही थी। लेकिन अब पलानीस्वामी अपनी ही पार्टी के लिए अधिक सीट की मांग को लेकर दूसरे दल के नेता के घर पर इंतजार कर रहे हैं, जो दिखाता है हालात बदल चुके हैं।’’

नेहरू ने कहा कि यह पलानीस्वामी की दिल्ली की तीसरी यात्रा है और ‘‘हर बार फैसले अमित शाह से विचार-विमर्श के बाद लिए जाते हैं। ’’

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “क्या यह ऑल इंडिया अन्ना द्रमुक है या अमित शाह द्रमुक?”

उन्होंने यह भी कहा कि सीट आवंटन का निर्णय करने वाली अन्नाद्रमुक अभी तक यह तय नहीं कर पाई है कि वह कितनी सीट पर चुनाव लड़ेगी और वह अमित शाह के दरवाजे पर खड़ी है।

द्रमुक नेता ने कहा, “पार्टी कार्यकर्ता भी सोच रहे हैं कि असली ताकत कहीं और है।’’

भाषा खारी पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments