scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशअर्थजगतराजपूताना स्टेनलेस का शेयर पहले दिन के कारोबार में सात प्रतिशत से ज्यादा टूटा

राजपूताना स्टेनलेस का शेयर पहले दिन के कारोबार में सात प्रतिशत से ज्यादा टूटा

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) सरिया और चादर जैसे स्टेनलेस स्टील उत्पाद बनाने वाली कंपनी राजपूताना स्टेनलेस लिमिटेड का शेयर बृहस्पतिवार को कारोबार के पहले दिन 122 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले सात प्रतिशत से ज़्यादा की गिरावट के साथ बंद हुआ।

बीएसई में कंपनी का शेयर 112.90 रुपये पर बंद हुआ, जो 7.45 प्रतिशत की गिरावट थी। दिन की शुरुआत में, इसका कारोबार 123.95 रुपये पर शुरू हुआ था, जो निर्गम मूल्य से 1.59 प्रतिशत ज़्यादा है, लेकिन यह उस बढ़त को बनाए नहीं रख पाया।

एनएसई में, शेयर 122 रुपये के निर्गम मूल्य के बराबर ही सूचीबद्ध हुआ। बाद में यह 113.03 रुपये पर बंद हुआ, जो 7.35 प्रतिशत की गिरावट है।

कंपनी का बाजार मूल्यांकन 943.48 करोड़ रुपये रहा।

राजपूताना स्टेनलेस लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को 1.12 गुना अभिदान मिला था। यह आईपीओ नौ से 11 मार्च तक चला था।

इस आईपीओ में 1,46,50,000 इक्विटी शेयरों का नया निर्गम और 62,50,000 इक्विटी शेयरों तक की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल थी। इस पेशकश के लिए मूल्य दायरा 116-122 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।

एनएसई में उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, राजपूताना स्टेनलेस के आईपीओ में बोली लगाने वाले निवेशकों को 12, 13 और 16 मार्च को अपनी बोलियां वापस लेने के लिए एक अतिरिक्त मौका दिया गया था। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि कुछ ईमेल और वीडियो वितरित हो रहे थे जिनमें निवेशकों को इस आईपीओ में हिस्सा लेने के लिए बुलाया जा रहा था।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments