scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशयुवा राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री भजनलाल

युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री भजनलाल

Text Size:

जयपुर, 17 मार्च (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं और विकसित भारत तथा राजस्थान के निर्माण में उनकी भूमिका अहम है।

मानसरोवर स्थित एक विद्यालय में आयोजित ‘राजस्थान युवा शक्ति दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

इस अवसर पर शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और खेल से जुड़े 485 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। साथ ही 9,432 युवाओं को कौशल उन्नयन प्रमाणपत्र वितरित किए गए और 403 स्टार्टअप को 11.45 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई।

उन्होंने बताया कि उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ब्याज-मुक्त ऋण की सुविधा भी शामिल है।

शर्मा ने कहा कि राज्य में अब तक 1.25 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.33 लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और एक लाख से अधिक अतिरिक्त पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 420 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments