scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेश‘मुंबई क्लीन लीग’ शुरू, अक्षय कुमार होंगे ब्रांड एंबेसडर

‘मुंबई क्लीन लीग’ शुरू, अक्षय कुमार होंगे ब्रांड एंबेसडर

Text Size:

मुंबई, 17 मार्च (भाषा) बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने मंगलवार को ‘मुंबई क्लीन लीग’ नाम से स्वच्छता प्रतियोगिता की घोषणा की, जिसमें आम नागरिकों के साथ फिल्म और खेल जगत की हस्तियां तथा विभिन्न प्रतिष्ठान भाग लेंगे।

बीएमसी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में नगर आयुक्त भूषण गगराणी ने अभिनेता अक्षय कुमार, उपमहापौर संजय घाडी, स्थायी समिति के अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे और भाजपा नेता अमित साटम की उपस्थिति में प्रतियोगिता की घोषणा की।

गगराणी ने कहा कि प्रतियोगिता तत्काल प्रभाव से शुरू की जा रही है और यह दिसंबर तक चलेगी। आवासीय सोसायटियां, स्कूल, झुग्गी बस्तियां, होटल, उद्यान, तथा अन्य प्रतिष्ठान विभिन्न श्रेणियों में भाग ले सकेंगे।

उन्होंने कहा कि अक्षय कुमार ने इस पहल को आगे बढ़ाने, समाज के विभिन्न वर्गों से अपील करने और ब्रांड एंबेसडर के रूप में जिम्मेदारी निभाने पर सहमति दी है।

अक्षय कुमार ने कहा कि इस प्रतियोगिता का विचार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से प्रेरित है, जिसे उन्होंने चार-पांच महीने पहले बीएमसी आयुक्त और अन्य अधिकारियों के साथ साझा किया था।

उन्होंने कहा कि क्यूआर कोड और अन्य व्यवस्थाएं पहले से तैयार देखकर उन्हें सुखद आश्चर्य हुआ।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रतियोगिता में भाग लेकर शहर को स्वच्छ रखने में योगदान दें।

कुमार ने कहा, “हम स्वच्छता के लिए हमेशा बीएमसी पर निर्भर रहते हैं, लेकिन अब नागरिकों को भी आगे आना होगा।”

गैस सिलेंडर की कथित कमी के प्रभाव से जुड़े प्रश्न पर कुमार ने कहा कि उनकी पत्नी ने इंडक्शन आधारित उपकरण मंगवाए हैं, हालांकि उन्हें उनके वितरण की स्थिति की जानकारी नहीं है।

भाषा खारी रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments