जयपुर, 17 मार्च (भाषा) राजस्थान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ बुधवार से शुरू होगा जिससे कई इलाकों में बारिश होने व आंधी आने का पूर्वानुमान है। मौसम केंद्र जयपुर ने यह जानकारी दी।
मौसम केंद्र के अनुसार राज्य में एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 18-21 मार्च के दौरान सक्रिय होगा। इसके असर से कहीं कहीं 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने व बारिश होने की पूरी संभावना है।
इसके असर से 18 मार्च को जोधपुर, बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं आंधी के साथ हल्की बारिश होने तथा शेष भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। जबकि 19-20 मार्च को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी आने व बारिश की संभावना है।
वहीं मंगलवार सुबह तक के 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ और बाड़मेर में 38.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में 11.4 डिग्री रहा।
भाषा पृथ्वी शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
