scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशनिर्वाचन आयोग ने असम के पांच जिलों के डीईओ, एसएसपी का तबादला किया, विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किया

निर्वाचन आयोग ने असम के पांच जिलों के डीईओ, एसएसपी का तबादला किया, विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किया

Text Size:

गुवाहाटी, 16 मार्च (भाषा) विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के एक दिन बाद निर्वाचन आयोग ने सोमवार को असम के पांच जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) और उतने ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) का तबादला कर दिया और राज्य के लिए एक विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किया।

आयोग ने कोकराझार, माजुली, बक्सा, चिरांग और उदालगुड़ी के डीईओ को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर दिया है।

निर्वाचन आयोग ने असम के मुख्य सचिव रवि कोटा को भेजे गए एक पत्र में कोकराझार के डीईओ पंकज चक्रवर्ती की जगह डॉ. पी उदय प्रवीण, माजुली के रतुल पाठक की जगह सृष्टि सिंह और बक्सा के धीरज सऊद की जगह किम्नेई चांगसन को नियुक्त करने का आदेश दिया है।

इसी के साथ चिरांग के डीईओ गकुल चंद्र ब्रह्मा की जगह मधुसूदन नाथ और उदालगुड़ी के पुलक पाटगिरी के स्थान पर जय विकास को तत्काल प्रभाव से नियुक्त किया गया है।

सभी पांच स्थानांतरित जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) असम सिविल सेवा (एसीएस) के अधिकारी हैं और उनके स्थान पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।

निर्वाचन आयोग ने इससे पहले दिन में मुख्य सचिव को पत्र लिखकर 2010 से 2021 बैच के सभी आईएएस अधिकारियों के नाम उपलब्ध कराने को कहा था।

राज्य में 35 जिले हैं। डीईओ एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी होता है, जो आमतौर पर जिला मजिस्ट्रेट या कलेक्टर होता है और जिसे निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त किया जाता है।

अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग विभिन्न चुनाव अधिकारियों के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं था और नए अधिकारियों की नियुक्ति करना चाहता था।

इससे पहले, आयोग ने माजुली, दक्षिण सालमारा, सादिया, चिरांग और धेमाजी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों का तबादला कर दिया।

आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया कि जिलों के एसएसपी का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है।

अधिसूचना के मुताबिक माजुली के एसएसपी हारेन टोकबी की जगह सोमलिन शुभदर्शिनी को नियुक्त किया गया, जबकि दक्षिण सालमारा के मृणाल कुमार डेका की जगह आर. शीतल कुमार को तैनात किया गया।

सादिया के एसएसपी जगदीश दास की जगह अंचल चौहान, चिरांग के ध्रुव बोरा की जगह सुधाकर सिंह और धेमाजी के स्वप्ननील डेका की जगह मोहन लाल मीणा को नियुक्त किया गया।

पत्र में कहा गया कि आयोग के निर्देशों को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए और अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने वाले अधिकारियों के संबंध में अनुपालन रिपोर्ट मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक भेजी जानी चाहिए।

इसमें कहा गया कि स्थानांतरित किए गए अधिकारियों को चुनाव समाप्त होने तक किसी भी चुनाव संबंधी पद पर तैनात नहीं किया जाएगा।

आयोग ने पूर्व नौकरशाह मनजीत सिंह को असम के लिए विशेष पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया है, जिन्हें राज्य में चुनाव की तैयारियों के बारे में निर्वाचन आयोग को अद्यतन जानकारी देने का दायित्व सौंपा गया है।

विशेष पर्यवेक्षक के रूप में, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सिंह चुनाव तैयारियों, विधानसभा चुनावों के संचालन का निरीक्षण करने और जहां भी आवश्यक हो, चुनाव आयोग को सुझाव देने के लिए नियमित रूप से असम का दौरा करेंगे।

राज्य में 126 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होने वाले हैं।

भाषा आशीष नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments