जांजगीर, 14 मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में फर्जी पुलिसकर्मी द्वारा धमकी दिए जाने से परेशान 25 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान सनत कुमार कश्यप (25) के रूप में की गयी है, वह ट्रक के एक शोरूम के वर्कशॉप में काम करता था। सनत ने शुक्रवार को अपने दोस्तों को एक वीडियो संदेश भेजने के बाद आत्महत्या कर ली।
अधिकारी ने बताया कि वीडियो में कश्यप ने दावा किया था कि उसे जिले के बलोदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पंतोरा पुलिस चौकी से एक फोन आया था और उसे धमकाया गया था।
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वह फोन वास्तव में सचिन खरे (30) ने किया था। सचिन पेशे से चालक है और पड़ोसी कोरबा जिले के गेवरा बस्ती का निवासी है।
उन्होंने बताया कि खरे की 21 वर्षीय बहन 12 मार्च को कॉलेज जाने के नाम से घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बाद में खरे को पता चला कि उसकी बहन धीरेंद्र पाटले के साथ चली गई है।
अधिकारियों ने बताया कि अपनी बहन की तलाश करते समय खरे को पता चला कि कश्यप, पाटले का दोस्त है और शायद उसे उस जोड़े के ठिकाने के बारे में जानकारी हो।
उन्होंने बताया कि इसके बाद सचिन ने धीरेंद्र पाटले के भाई के मोबाइल फोन से कश्यप को फोन किया और कथित तौर पर खुद को पुलिसकर्मी बताकर उससे पूछताछ की।
पुलिस द्वारा जारी की गई एक कॉल रिकॉर्डिंग में, खरे को छत्तीसगढ़ी भाषा में सख्त लहजे में बात करते हुए सुना जा सकता है। वह कश्यप से उसकी पहचान, काम करने की जगह और पते के बारे में पूछ रहा है, और यह भी पूछ रहा है कि बृहस्पतिवार को वह कितनी देर तक पाटले के साथ था।
खरे ने कथित तौर पर कश्यप को धमकी दी कि ‘अगर वह सुरक्षित रहना चाहता है’ तो पंतोरा पुलिस चौकी पर हाज़िर हो, और चेतावनी दी कि अगर वह ऐसा नहीं करेगा तो वह खुद उसके काम करने की जगह पर आ जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि फोन आने के बाद कश्यप कथित तौर पर बहुत अधिक डर गया था।
पुलिस ने बताया कि उसने आत्महत्या करने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें उसने घटना के बारे में बताया और उसे अपने दोस्तों को भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि खरे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा विस्तृत जांच की जा रही है।
भाषा
सं, संजीव रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
