scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशमप्र: मुख्यमंत्री यादव ने लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं को 1,836 करोड़ रुपये अंतरित किए

मप्र: मुख्यमंत्री यादव ने लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं को 1,836 करोड़ रुपये अंतरित किए

Text Size:

ग्वालियर, 13 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार ने पिछले तीन साल में लाडली बहना योजना के तहत 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं को 52,000 करोड़ रुपये अंतरित की है।

उन्होंने ग्वालियर जिले के घाटीगांव इलाके में एक समारोह को संबोधित करते हुए प्रत्यक्ष नकद अंतरण (डीबीटी) योजना के तहत मार्च की किस्त के रूप में 1.25 करोड़ से अधिक पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,836 करोड़ रुपये जमा किए।

यादव ने कहा, “लाडली बहना योजना की सफलता कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब है। जब यह योजना शुरू की गई थी, तो विपक्ष ने इसे चुनावी हथकंडा कहा था। तीन साल में लाभार्थियों को 52,000 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है।”

इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को प्रति माह 1,500 रुपये की राशि दी जाती है।

पिछले साल यह राशि 1,250 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये कर दी गई थी। यादव ने कहा, “रक्षाबंधन साल में एक बार आ सकता है लेकिन अब ‘राखी’ (लाडली बहना योजना की किस्त) हर महीने (लाभार्थियों) तक पहुंचती है। इस पैसे से कई महिलाओं ने अपना काम शुरू कर दिया है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि तत्कालीन भाजपा सरकार द्वारा 2023 में शुरू की गई इस योजना से राज्य भर की महिलाओं को लाभ हुआ है।

उन्होंने उपस्थित लोगों को यह भी बताया कि ग्वालियर क्षेत्र में 12,000 करोड़ रुपये की औद्योगिक परियोजनाएं आ रही हैं।

यादव ने पर्यटन की संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि श्योपुर जिले के कूनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में चीतों को लाया गया है, जबकि शिवपुरी जिले के माधव राष्ट्रीय उद्यान में बाघ मौजूद हैं, जिससे क्षेत्र में वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजना मध्यप्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने और मत्स्य पालन बढ़ाने की है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यादव पूर्ववर्ती ग्वालियर स्टेट से मध्यप्रदेश के पहले मुख्यमंत्री हैं।

दिसंबर 2023 में पदभार संभालने वाले यादव उज्जैन जिले के रहने वाले हैं, जो कभी सिंधिया साम्राज्य का हिस्सा था।

उन्होंने कहा, “यह (मुख्यमंत्री के रूप में) ग्वालियर क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। (उनके नेतृत्व में) घाटीगांव से विजयपुर, श्योपुर, बालाघाट, नीमच, मंदसौर, रीवा और सीधी तक विकास कार्य किए जा रहे हैं।”

भाषा सं ब्रजेन्द्र जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments