गैरसैंण, 10 मार्च (भाषा) उत्तराखंड में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, अंकिता भंडारी हत्याकांड, बिगड़ती कानून—व्यवस्था, बढ़ती मंहगाई सहित कई मुददों को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को गैरसैंण में विधानसभा की ओर कूच किया।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर प्रदेश भर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता गैरसैंण पहुंचे और विधानसभा भवन की ओर कूच किया।
विधानसभा में वर्तमान बजट सत्र जारी है।
कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए चमोली जिला प्रशासन की ओर से अनेक स्थानों पर अवरोधक लगाये गये थे लेकिन वे उसे पार करते हुए दिवालीखाल तक पहुंच गए और विधानसभा भवन पहुंचने के लिए कई घंटों तक पुलिस के साथ जद्दोजहद करते रहे।
दिवालीखाल, विधानसभा के सबसे नजदीक जगह है।
पुलिस बल ने बाद में पानी की बौछार से भीड़ को तितर-बितर किया।
चमोली के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी स्थिति संभालते नजर आए।
गोदियाल ने सरकार पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे लोगों पर बल प्रयोग करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से धरना प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज और पानी की बौछार की गयी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार अब कुछ दिन की ही मेहमान है और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी सत्ता से बाहर हो जाएगी।
दूसरी ओर, चमोली पुलिस ने भी कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान अपने कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों के घायल होने का दावा किया।
कांग्रेस के प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष करन माहरा, कई विधायकों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
विधानसभा सदन में भी कांग्रेस विधायकों ने इन सभी मुददों पर जमकर हंगामा किया और चर्चा की मांग को लेकर विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण के आसन के सामने आ गए।
इससे पहले, सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले सत्र की अवधि बढ़ाए जाने को लेकर भी कांग्रेस ने विधानसभा परिसर में धरना दिया था।
इस संबंध में, राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, जहां जनता से जुड़े हर महत्वपूर्ण विषय पर व्यापक और गंभीर चर्चा होनी चाहिए।
उन्होंने सत्र की अवधि को बढ़ाए जाने की मांग की ।
नौ मार्च से शुरू हुआ बजट सत्र 13 मार्च को समाप्त होगा।
भाषा सं दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
