scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशपश्चिम बंगाल : एसआईआर के खिलाफ पांचवें दिन भी ममता का धरना जारी

पश्चिम बंगाल : एसआईआर के खिलाफ पांचवें दिन भी ममता का धरना जारी

Text Size:

कोलकाता, 10 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में अपने धरने के पांचवें दिन मंगलवार को एक प्रतीकात्मक चित्र बनाकर अपनी नाराजगी जताई।

उन्होंने कागज पर ‘एसआईआर’ और ‘वैनिश’ लिखकर कथित रूप से मतदाताओं के नाम हटाए जाने के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

राजधानी कोलकाता के मध्य स्थित मेट्रो चैनल में जारी धरने के मंच पर बनर्जी को एक स्टैंड पर रखे हरे रंग के बोर्ड पर रंगों से प्रतीकात्मक चित्र बनाते हुए देखा गया। उन्होंने बोर्ड के ऊपर ‘एसआईआर’ लिखा, जबकि बीच में सफेद रंग से ‘वैनिश’ शब्द लिखा।

इसके बाद उन्होंने कई छोटे-छोटे अनियमित गोल घेरे बनाए और एक बड़े नक्शे जैसा आकार बनाया। फिर धीरे-धीरे हरे बोर्ड के कुछ हिस्सों को सफेद रंग से ढक दिया, जो कथित तौर पर मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का प्रतीक बताया जा रहा है।

मुख्यमंत्री उस समय चित्र बना रही थीं जब मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

बनर्जी छह मार्च से एसआईआर के खिलाफ धरना दे रही हैं। उनका आरोप है कि निर्वाचन आयोग द्वारा किए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कारण 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में बड़ी संख्या में वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं।

पिछले कुछ दिनों में तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने बार-बार निर्वाचन आयोग पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इशारे पर काम करने और पश्चिम बंगाल में वैध मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

भाषा रवि कांत नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments