मुजफ्फरनगर (उप्र), आठ मार्च (भाषा) मुजफ्फरनगर जिले के सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के सरवत इलाके में मस्जिद के एक मौलवी पर लोगों के एक समूह ने रविवार को कथित तौर पर हमला किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मस्जिद के इमाम मुफ्ती अब्दुल वहाब (28) पर उस समय हमला किया गया, जब वह नमाज अदा करने मस्जिद जा रहे थे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि पांच आरोपियों लवी, बसंत, हरीश, आदित्य और ऋषभ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने लवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
मौलवी के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वहाब अपने घर से मस्जिद जा रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें रोका, आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और उनका नाम पूछने के बाद उन पर लाठियों और बल्ले से हमला किया।
पुलिस ने बताया कि घायल इमाम मुफ्ती अब्दुल वहाब को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बाद में एक उच्च चिकित्सा केंद्र भेज दिया गया।
जमीयत उलेमा-ए-हिंद की जिला इकाई ने इस घटना की निंदा की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। संगठन के मीडिया प्रभारी मौलाना साबिर ने कहा कि यह हमला उकसावे वाला कृत्य था और उन्होंने कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
भाषा सं आनन्द अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
