scorecardresearch
Thursday, 12 March, 2026
होमखेलपिंकाथॉन में लगभग 6000 महिला धावकों ने भाग लिया

पिंकाथॉन में लगभग 6000 महिला धावकों ने भाग लिया

Text Size:

नयी दिल्ली, 8 मार्च (भाषा) अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रविवार को यहां आयोजित पिंकाथॉन में लगभग 6,000 महिला धावकों ने भाग लिया।

साढ़े छह साल बाद राजधानी में आयोजित की गई इस प्रतियोगिता में तीन किमी, पांच किमी और 10 किमी की दौड़ के साथ 50 किमी, 75 किमी, 100 किमी और 100 किमी रिले जैसी अल्ट्रा-दूरी की रेस भी शामिल थीं।

तीन किमी में तो कुछ महिलाएं शिशुओं को गोद में लेकर दौड़ीं जबकि दादियां, कैंसर से उबर चुकी महिलाएं और लंबी दूरी की धावक भी नजर आईं।

एक दृष्टिबाधित धाविका ने 50 किमी की अल्ट्रा-दूरी श्रेणी में हिस्सा लिया जबकि एक अन्य ने 100 किमी रिले में भाग लिया।

कृति शर्मा ने 17:31 मिनट के समय से तीन किमी दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। संजना कुमारी 17:45 मिनट के साथ दूसरे और किरण सिंह 18:33 मिनट के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता के बाद पिंकाथॉन के संस्थापक मिलिंद सोमन ने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की सुबह 5:30 बजे लगभग 6,000 महिलाओं को एक साथ देखना बेहद प्रेरणादायक है। दिल्ली ने हमेशा उत्साह दिखाया है और आज हमने साहस, निरंतरता और सामुदायिक भावना को एक साथ देखा। ’’

भाषा नमिता मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments