scorecardresearch
Monday, 9 March, 2026
होमदेशदेहरादून में चाकू से हमला कर प्रेमिका को गंभीर रूप से घायल करने वाला छात्र गिरफ्तार

देहरादून में चाकू से हमला कर प्रेमिका को गंभीर रूप से घायल करने वाला छात्र गिरफ्तार

Text Size:

देहरादून, आठ मार्च (भाषा) देहरादून के क्लेमेंटाउन क्षेत्र में कथित रूप से प्रेमिका पर चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने रविवार को एक छात्र को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यहां के एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष के छात्र उदय सिंह उर्फ विशू (21) को दून अस्पताल परिसर से गिरफ्तार किया गया। घटना में घायल होने के बाद उसे तथा उसके साथ पढ़ने वाली 21 वर्षीय छात्रा को शनिवार को इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उसने बताया कि घटना के संबंध में रायपुर रोड निवासी छात्रा के पिता कृष्ण चंद्र वर्मा ने क्लेमेंटाउन पुलिस थाने में उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी सिंह के खिलाफ तहरीर दी थी जिसमें आरोप लगाया कि सिंह ने उनकी बेटी पर चाकू से जानलेवा हमला किया।

तहरीर में कहा गया है कि घटना में उनकी बेटी को गंभीर चोटें आईं और उसका इलाज दून अस्पताल में किया जा रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

उसने बताया कि आरोपी छात्र की निशानदेही पर ओगल भट्टा क्षेत्र में स्थित उसके कमरे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में छात्र ने बताया कि छात्रा से उसकी मुलाकात सितंबर 2025 में उनके शिक्षण संस्थान में हुई थी, जहां दोनों एमसीए की पढ़ाई कर रहे हैं। छात्र ने पुलिस को बताया कि तभी से उनके बीच प्रेम संबंध था और वह छात्रा से शादी करना चाहता था।

पुलिस के अनुसार, छात्र ने बताया कि उसे छात्रा के किसी अन्य युवक के संपर्क में होने की जानकारी हुई, जिसे लेकर शनिवार को दोनों के बीच विवाद हो गया और उसने आवेश में आकर युवती पर चाकू से हमला कर दिया।

उसने बताया कि घटना वाले दिन युवती छात्र से बात करने के लिए उसके ओगल भट्टा स्थित कमरे पर आई थी और उसी दौरान यह घटना हुई।

पुलिस ने बताया कि घटना में दोनों घायल हुए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवती की गर्दन में गहरा घाव हुआ था, जिसका ऑपरेशन किया गया।

भाषा दीप्ति खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments