scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशसुलतानपुर में हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से लाइनमैन की मौत

सुलतानपुर में हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से लाइनमैन की मौत

Text Size:

सुलतानपुर (उप्र), छह मार्च (भाषा) सुलतानपुर जिले के मोतिगरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से एक निजी लाइनमैन की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह घटना मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अर्जुनपुर में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन ‘शिफ्टिंग’ के दौरान हुई।

मोतिगरपुर के थाना प्रभारी अशोक सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के हमजाबाद निवासी रंग बहादुर (32) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह एक ठेकेदार के साथ सड़क किनारे विद्युत लाइन ‘शिफ्टिंग’ का कार्य कर रहा था। उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होने के बाद रंग बहादुर ने जंफर जोड़ने के लिए कथित तौर पर शटडाउन लिया था।

आरोप है कि शटडाउन लेने के बाद भी बिजली की आपूर्ति जारी रही, जिससे रंग बहादुर करंट की चपेट में आकर झुलस गया और नीचे गिर पड़ा।

पुलिस ने बताया कि मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारी तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहपुर ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर जयसिंहपुर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार मिश्रा और बरौंसा चौकी प्रभारी गुलाब चंद्र मौके पर पहुंचे।

मोतिगरपुर थाना प्रभारी अशोक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

भाषा सं आनन्द अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments