scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशफडणवीस ने बजट में गेटवे ऑफ इंडिया तक मेट्रो लाइन एवं भूमिगत सुरंग नेटवर्क की घोषणा की

फडणवीस ने बजट में गेटवे ऑफ इंडिया तक मेट्रो लाइन एवं भूमिगत सुरंग नेटवर्क की घोषणा की

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

मुंबई, छह मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को 2026-27 के बजट में कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की घोषणा की, जिनमें मुंबई और पुणे में भूमिगत सुरंगों का एक नेटवर्क तथा गेटवे ऑफ इंडिया तक 23,487 करोड़ रुपये की मेट्रो लाइन शामिल है।

विधानसभा में बजट भाषण में फडणवीस ने कहा कि सरकार की योजना 2047 तक यात्री और माल परिवहन के लिए एक निरंतर कनेक्टिविटी नेटवर्क बनाने के लिए 1,200 किलोमीटर मेट्रो लाइन और 6,000 किलोमीटर से अधिक एक्सप्रेसवे विकसित करने की है।

उन्होंने बताया कि मुंबई, पुणे और नागपुर में 490 किलोमीटर के मेट्रो नेटवर्क पर काम चल रहा है और इनमें से 173 किलोमीटर मार्ग यातायात के लिए खुल चुका है।

उन्होंने कहा कि अगले वर्ष 50 किलोमीटर का मेट्रो रेल मार्ग भी चालू हो जाएगा और 2029 तक 165 किलोमीटर का काम पूरा हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने वडाला से गेटवे ऑफ इंडिया तक मेट्रो लाइन 11 का काम भी हाथ में लिया है, जो 23,487 करोड़ रुपये की लागत वाली पूरी तरह से भूमिगत परियोजना है और इसका धारावी से बांद्रा उपनगरीय स्टेशन और बांद्रा टर्मिनस तक विस्तार करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों को जोड़ने वाली गोरेगांव-मुलुंड भूमिगत सुरंग के पहले चरण का काम अंतिम चरण में है, जबकि ठाणे-बोरीवली भूमिगत सुरंग जून 2028 तक पूरी हो जाएगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार एकीकृत भूमिगत सड़क परियोजना के तहत, बांद्रा-वर्ली सीलिंक को बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित बुलेट ट्रेन स्टेशन सेवा से जोड़ा जाएगा, जहां से यह छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जुड़ेगी।

भाषा राजकुमार रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments