scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशहिमाचल प्रदेश के नाहन में राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह आयोजित होगा

हिमाचल प्रदेश के नाहन में राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह आयोजित होगा

Text Size:

शिमला, छह मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन में आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग 10,000 महिलाओं के भाग लेने की संभावना है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

महिला एवं बाल विकास निदेशालय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों, उनकी गरिमा और सशक्तीकरण के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करना है।

यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।

बयान के मुताबिक, राज्यभर की लगभग 10,000 महिलाओं में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, महिला मंडल की सदस्य तथा पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों की निर्वाचित प्रतिनिधि शामिल होंगी।

सामाजिक न्याय और सशक्तीकरण विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह समारोह महिलाओं के ऐतिहासिक संघर्षों, उपलब्धियों और समाज में उनके अमूल्य योगदान को मान्यता देने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने का प्रयास करेगा।

प्रवक्ता के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागीय प्रदर्शनियों और विशेष स्टॉल के माध्यम से सरकार की पहल को प्रस्तुत किया जाएगा। समारोह के दौरान, महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों का प्रदर्शन कर उनकी उद्यमिता और कौशल को उजागर किया जाएगा। इससे स्थानीय उत्पादों के लिए बाजार के नये अवसर भी पैदा होंगे।

भाषा

प्रचेता अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments