scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशकेंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मनाया अपना 67 वां जन्मदिन

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मनाया अपना 67 वां जन्मदिन

Text Size:

(फोटो के साथ)

भोपाल, पांच मार्च (भाषा) केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को यहां अपना 67वां जन्मदिन विद्यार्थियों, दिव्यांगजनों और ग्रामीण स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की शुरुआत कर मनाया।

चौहान के समर्थक उन्हें स्नेहवश ‘मामा’ कहते हैं।

चौहान ने ‘प्रेम और सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में जन्मदिन मनाते हुए परिवार के साथ यहां स्मार्ट सिटी पार्क में पौधरोपण किया और लोगों से उपहार देने के बजाय पौधे लगाने का आग्रह किया।

उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा के लिए जनसेवा से जुड़े पांच प्रमुख संकल्प भी लिए।

चौहान ने संवाददाताओं से कहा, “मेरे मन में कई संकल्प हैं जिन्हें पूरा करने का प्रयास करूंगा और इनमें सबसे महत्वपूर्ण पर्यावरण संरक्षण है। हम सभी जानते हैं कि हमारा जीवन पेड़ों पर निर्भर है। पेड़ ऑक्सीजन के कारखाने हैं। पेड़ केवल मनुष्यों को ही नहीं बल्कि असंख्य जीवों को जीवन देते हैं।”

उन्होंने अपने माता-पिता की स्मृति में ‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’ योजना शुरू की, जिसके तहत विदिशा लोकसभा क्षेत्र के सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि शीर्ष तीन विद्यार्थियों को क्रमशः 51,000 रुपये, 31,000 रुपये और 21,000 रुपये की राशि दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि विदिशा विधानसभा क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे विदिशा लोकसभा क्षेत्र में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे।

युवाओं के भविष्य को संवारने के उद्देश्य से चौहान ने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए ‘मामा कोचिंग क्लासेस’ शुरू करने की घोषणा भी की।

उन्होंने बताया कि यह पहल विदिशा, रायसेन और भैरौंदा में शुरू की जा रही है, जहां विद्यार्थियों को बैंकिंग, एसएससी, एमपीपीएससी, डीआरडीओ और वन सेवा जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नि:शुल्क और गुणवत्तापूर्ण कोचिंग दी जाएगी।

चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ‘मामा मोबाइल अस्पताल’ भी शुरू किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि विदिशा लोकसभा क्षेत्र के सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल अस्पताल शुरू किए जाएंगे, जो आधुनिक जांच सुविधाओं से लैस होंगे और इनमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भी रहेगी।

उन्होंने कहा कि ये मोबाइल अस्पताल गांव-गांव जाकर लोगों को नि:शुल्क उपचार और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराएंगे, जिससे दूरदराज के लोगों को शहर जाने की आवश्यकता कम होगी।

चौहान ने दावा किया कि ‘मामा मोबाइल अस्पताल’ का संचालन पूरी तरह सांसद निधि और जनसहयोग से किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि समाज के हर वर्ग को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विदिशा क्षेत्र में दिव्यांगजनों को मोटर चालित ‘ट्राइसाइकिल’ प्रदान करने की विशेष पहल भी शुरू की गई है।

चौहान ने कहा कि इस अभियान के तहत क्षेत्र में दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें मोटर चालित ‘ट्राइसाइकिल’ उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे अपनी दैनिक जरूरतें बिना किसी पर निर्भर हुए पूरी कर सकेंगे।

भाषा दिमो राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments