scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमविदेशमस्कट के तट के पास मानवरहित नाव ने तेल टैंकर को टक्कर मारी, एक भारतीय की मौत

मस्कट के तट के पास मानवरहित नाव ने तेल टैंकर को टक्कर मारी, एक भारतीय की मौत

Text Size:

दुबई, दो मार्च (भाषा) ओमान में मस्कट प्रांत के तट के पास सोमवार को विस्फोटकों से भरी एक मानवरहित नौका के तेल टैंकर से टकराने से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। खबरों से यह जानकारी सामने आयी है।

ओमान के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘समुद्री सुरक्षा केंद्र ने बताया कि मस्कट प्रांत के तट से 52 समुद्री मील दूर तेल टैंकर एमकेडी वीवाईओएम पर एक मानवरहित नाव द्वारा हमला किया गया।’’

उसने कहा कि हमले के परिणामस्वरूप इंजन में विस्फोट के बाद आग लग गयी एवं चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई।

उसने कहा कि चालक दल के शेष 21 सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया।

मंत्रालय ने मृतक की राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया, लेकिन स्थानीय मीडिया ने बताया कि मृतक भारतीय था।

सरकारी संवाद एजेंसी ओमान न्यूज एजेंसी के अनुसार हमले के कारण मुख्य इंजन कक्ष में विस्फोट के बाद आग लग गयी, जिससे चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई।

उसने कहा कि समुद्री सुरक्षा केंद्र के समन्वय से, पनामा गणराज्य के झंडे वाले वाणिज्यिक पोत एमवी सैंड के चालक दल के 21 सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया। इनमें 16 भारतीय, चार बांग्लादेशी और एक यूक्रेनी हैं।

उसने कहा कि ओमान की ‘रॉयल नेवी’ का एक पोत क्षतिग्रस्त टैंकर की स्थिति पर नजर रख रहा है और उस समुद्री क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को आवश्यक नौवहन संबंधी चेतावनी जारी कर रहा है।

टैंकर में 59,463 मीट्रिक टन माल लदा था।

एक दिन पहले, होर्मुज जलडमरूमध्य में एक अन्य तेल टैंकर पर हमला हुआ था। एमवी स्काईलाइट नामक टैंकर पर हमले में चालक दल के चार सदस्य घायल हो गए। चालक दल के सदस्यों में भारत और ईरान के नागरिक हैं।

सोमवार को ओमान में भारतीय मिशन ने कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है, जो एमवी स्काईलाइट घटना के बाद चालक दल के लापता सदस्यों की तलाश के लिए खोज अभियान चला रहे हैं।

समझा जा रहा है कि चालक दल के लापता दो सदस्यों में से एक भारतीय नागरिक है।

ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम एमवी स्काईलाइट से बचाए गए चालक दल के सदस्यों की स्वदेश वापसी के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं और इस मामले में हरसंभव सहायता प्रदान करेंगे।’’

भाषा राजकुमार अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments