scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशअहमदाबाद हवाई अड्डे पर 20 उड़ानें रद्द, कई यात्री दुबई और अबू धाबी में फंसे

अहमदाबाद हवाई अड्डे पर 20 उड़ानें रद्द, कई यात्री दुबई और अबू धाबी में फंसे

Text Size:

अहमदाबाद, एक मार्च (भाषा) ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजराइल के सैन्य अभियान के मद्देनजर रविवार को अहमदाबाद से पश्चिम एशिया के देशों के लिए आने-जाने वाली 20 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक सांसद और एक विधायक के अनुसार, वडोदरा, अहमदाबाद और गुजरात के अन्य हिस्सों से आने वाले कई यात्री वर्तमान में दुबई, अबू धाबी और सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर फंसे हुए हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एसवीपीआईए) से दुबई, कुवैत, अबू धाबी, जेद्दा, दोहा, बगदाद और शारजाह जाने वाली उड़ानें, साथ ही वहां से आने वाली उड़ानें भी रद्द कर दी गई हैं।

उन्होंने कहा कि यात्रियों को उड़ान रद्द होने की सूचना दे दी गई है और हवाई अड्डे पर कोई भीड़भाड़ नहीं है।

कांग्रेस विधायक इमरान खेड़ावाला ने कहा कि अहमदाबाद के कई लोग, जिनमें उनके प्रतिनिधित्व वाले जमालपुर-खाडिया निर्वाचन क्षेत्र के लोग भी शामिल हैं, सऊदी हवाई अड्डे पर फंसे हुए हैं। उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर से सहायता की अपील की।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “इजराइल-ईरान तनाव के बीच अहमदाबाद, गुजरात और जमालपुर-खाडिया निर्वाचन क्षेत्र के कई लोग सऊदी हवाई अड्डे पर फंसे हुए हैं। हर भारतीय नागरिक की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। मैं भारत सरकार से आग्रह करता हूं कि हमारे लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल और सक्रिय कदम उठाए जाएं।”

भाषा

राखी सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments