भुवनेश्वर, एक मार्च (भाषा) भुवनेश्वर में एक मामूली कहासुनी के बाद 32 वर्षीय एक यूट्यूबर की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे मंचेश्वर थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाली जीजीपी कॉलोनी में हुई और मृतक की पहचान शहर के पलासुनी इलाके के निवासी राहुल महाराणा के रूप में हुई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सेना के एक जवान और उसके दो भतीजों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि महाराणा की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी। उसपर नशे में धुत तीनों लोगों के साथ कहासुनी के बाद धारदार हथियार से हमला किया गया था।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान सेना के जवान संग्राम केसरी बेहरा उर्फ सतुरा (37) और उसके दो भतीजों समरेंद्र बेहरा उर्फ मुना (20) और संग्राम बेहरा उर्फ कुना (24) के रूप में हुई है।
भुवनेश्वर (जोन-5) के एसीपी बिश्वरंजन सेनापति ने बताया कि पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया तथा अपराध में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और एक चाकू को जब्त कर लिया।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
