scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशअसम चुनाव के बाद पांच लाख बीघा जमीन से अतिक्रमण हटाया जायेगा: हिमंत

असम चुनाव के बाद पांच लाख बीघा जमीन से अतिक्रमण हटाया जायेगा: हिमंत

Text Size:

(फोटो के साथ)

जागीरोड (असम), एक मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार कहा कि विधानसभा चुनावों के बाद सत्ता में वापसी करने पर वह पांच लाख बीघा (1.65 लाख एकड़ से अधिक) भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने का अभियान चलाएंगे।

भाजपा की असम इकाई के अध्यक्ष दिलीप सैकिया के साथ, शर्मा ने पार्टी के मार्च के दूसरे दिन की शुरुआत जागीरोड से की और यह मोरीगांव, राहा और नगांव से होते हुए ब्रह्मपुर में समाप्त हुआ।

जागीरोड पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने 10 बुलडोजर के ऊपर चढ़कर शर्मा पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं।

शर्मा ने कतार में खड़े बुलडोजरों के सामने अपनी खुली एसयूवी से पत्रकारों से कहा, ‘‘अगली बार पांच लाख बीघा जमीन पर अतिक्रमण हटाया जायेगा। यही संदेश हमने जनता को दिया है। असम में कोई भी बांग्लादेशी घुसपैठिया चैन से नहीं रह पायेगा।’’

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा लगातार तीसरी बार राज्य की सत्ता में लौटती है तो जंगलों और आदिवासी क्षेत्रों में कथित तौर पर अतिक्रमण करने वाले सभी लोगों को बेदखल कर दिया जायेगा।

शर्मा ने 19 फरवरी को असम विधानसभा को सूचित किया था कि पिछले पांच वर्षों में राज्यभर में 1.5 लाख बीघा (49,500 एकड़ से अधिक) भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘आप देखेंगे कि इस यात्रा के दौरान कई लोग मुझसे मिलेंगे। कुछ कहेंगे कि उन्हें नौकरी मिल गई, कुछ कहेंगे कि उन्हें जमीन मिल गई। कोई अवैध घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए मुझे धन्यवाद देने आयेगा। इसलिए, यह एक मुद्दा नहीं, बल्कि कई मुद्दे हैं, जिन पर लोग हमारा समर्थन कर रहे हैं।’’

उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि लोग भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा पिछले पांच वर्षों में किये गये कार्यों को ‘‘स्वीकार’’ कर रहे हैं और उम्मीद व्यक्त की कि लोग इस बार पार्टी को बहुत मजबूत जनादेश देंगे।

शर्मा ने कहा, ‘‘मैंने सोचा भी नहीं था कि लोग इतनी बड़ी संख्या में बाहर आएंगे। मैंने कई लहरें देखी हैं, लेकिन इस बार यह बिल्कुल अलग है।’’

असम विधानसभा चुनाव इस साल मार्च-अप्रैल में होने की संभावना है। परिसीमन प्रक्रिया (जो 2023 में हुई थी) के बाद यह पहला विधानसभा चुनाव होगा।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments