नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) दिल्ली सरकार सोमवार को ‘पिंक नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड’ (एनसीएमसी) योजना की शुरुआत करेगी।
इस पहल का उद्देश्य राजधानी में महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा प्रदान करना और एक ही स्मार्ट कार्ड के माध्यम से कई सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करना है।
एक बयान के अनुसार, इस योजना की औपचारिक शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में ‘सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली’ नाम के कार्यक्रम में की जाएगी।
इसी कार्यक्रम में राष्ट्रपति होली व दिवाली के अवसर पर दिल्ली के सभी राशन कार्ड धारक परिवारों को प्रतिवर्ष दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर प्रदान करने की योजना की भी औपचारिक शुरुआत करेंगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, यह सुविधा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से प्रदान की जाएगी।
बयान के मुताबिक, एक एलपीजी सिलेंडर की मौजूदा कीमत के बराबर राशि उस परिवार के मुखिया के आधार से जुड़े बैंक खाते में जमा की जाएगी, जिसके नाम पर राशन कार्ड जारी किया गया है।
बयान में बताया गया कि इस योजना से लगभग 15 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिससे खाना पकाने के ईंधन के खर्च का बोझ कम होगा और परिवार सम्मान व आराम से त्यौहार मना सकेंगे।
रेखा गुप्ता ने कहा कि पिंक कार्ड से दिल्ली की महिला निवासियों को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों में मुफ्त यात्रा करने की सुविधा मिलेगी, साथ ही इसका उपयोग मेट्रो, क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली (आरआरटीएस) और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में सशुल्क यात्रा के लिए भी किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ और डिजिटल बनाना है, साथ ही महिलाओं के दैनिक यात्रा खर्च को कम करना व शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में सुधार करना है।
बयान के मुताबिक, इस योजना के तहत तीन प्रकार के कार्ड जारी किए जाएंगे, जिसमें पात्र महिला निवासियों के लिए पिंक, सामान्य यात्रियों के लिए ब्लू और मासिक पास उपयोगकर्ताओं के लिए ‘ऑरेंज’ रंग के कार्ड होंगे।
बयान में बताया गया कि पहले चरण में पिंक व ब्लू कार्ड और ऑरेंज कार्ड बाद में जारी किया जाएगा।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
