… अमित आनंद …
(तस्वीरों के साथ ) नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) कप्तान सिकंदर रजा (73 रन और तीन विकेट) के हरफनमौला खेल के बावजूद दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण के औपचारिकता वाले मुकाबले में रविवार को यहां पांच विकेट से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में अब तब सभी मैचों में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। पहले ही सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर चुकी दक्षिण अफ्रीका की टीम इस जीत से सुपर आठ के ग्रुप एक में शीर्ष पर रही जबकि शुरुआती ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करने वाला जिम्बाब्वे सुपर आठ में जीत का खाता खेलने में नाकाम रहा। रजा की 43 गेंद में आठ चौके और चार छक्के समेत 73 रन की पारी के बावजूद जिम्बाब्वे की टीम सात विकेट पर 153 रन ही बना सकी। दक्षिण अफ्रीका ने 17.5 ओवर में पांच विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। दक्षिण अफ्रीका टीम अब सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड का सामना करने के लिए कोलकाता जायेगी।दक्षिण अफ्रीका के लिए डेवाल्ड ब्रेविस ने 18 गेंद में दो चौके और चार छक्के की मदद से 42 रन बनाये। उन्होंने चौथे विकेट के लिए डेविड मिलर (16 गेंद में 22 रन) के साथ 25 गेंद में 50 रन की साझेदारी की। रेयान रिकल्टन ने 22 गेंद में चार छक्के की मदद से 31 का योगदान दिया। जॉर्ज लिंडे (21 गेंद में नाबाद 30) और ट्रिस्टन स्टब्स(24 गेंद में नाबाद 21) ने छठे विकेट के लिए 44 गेंद में 53 रन की अटूट साझेदारी के साथ टीम की जीत पक्की कर दी। जिम्बाब्वे के लिए रजा ने चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट लिये। रजा को बल्लेबाजी के दौरान दूसरे छोर से अच्छा साथ नहीं मिला। उनके अलावा क्लाइव मदांडे (नाबाद 26) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर सके। दक्षिण अफ्रीका के लिए क्वेन मफाका ने चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट लिये। कोर्बिन बोश को भी दो सफलता मिली लेकिन उन्होंने 40 रन लुटाये। जॉर्ज लिंडे, लुंगी एनगिडी, एनरिच नोर्किया को एक-एक सफलता मिली। रविवार का दिन और दोपहर बाद का मैच होने के कारण मैदान में लगभग 25,000 दर्शक मौजूद थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को पहले ओवर में ही क्विंटन डिकॉक को खाता खोले बगैर चलता करने के बाद कप्तान एडेन मारक्रम (चार) को पवेलियन की राह दिखाई। डिकॉक का कैच विकेटकीपर मारुमनी ने लपका जबकि मारक्रम बोल्ड हुए। दूसरे छोर से शानदार लय में चल रहे रेयान रिकलटन ने ब्लेसिंग मुजरबानी और रजा के खिलाफ छक्का जड़ने क बाद छठे ओवर में ब्रैड इवांस का स्वागत लगातार दो छक्के से किया। रिकलटन हालांकि इसी ओवर में एक और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में आउट हुए। डीप मिडविकेट क्षेत्र में रेयान बर्ल ने उनका शानदार कैच लपका। ब्रेविस ने क्रीज पर आते ही ग्रीम क्रीमर का स्वागत छक्के से करने के बाद ओवर को अंत भी इसी अंदाज में किया। मिलर ने भी समय गंवाये बिना मसाकद्जा के ओवर में दो छक्के और एक चौके के साथ 17 रन बटोरने के बाद मुजरबानी की गेंद को दर्शकों के पास भेजा और चौका लगा कर ब्रेविस के साथ अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। वह हालांकि इसी ओवर में शॉट थर्ड की जगह खडे मायर्स को आसान कैच दे बैठे। रजा ने इसके बाद ब्रेविस को अपनी फिरकी में फंसा कर जिम्बाब्वे को बड़ी सफलता दिलाई। जरूरी रनगति कम होने के कारण ट्रिस्टन स्टब्स और जॉर्ज लिंडे पर कोई दबाव नहीं था। लिंडे ने क्रीमर की फुलटॉस गेंद कवर क्षेत्र के ऊपर से आसानी से छक्का जड़ दिया। लिंडे ने जहां आक्रामक रूख अपनाते हुए अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया वहीं स्टब्स ने संयमित पारी में एक भी बाउंड्री नहीं लगाया। पहले बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद तदिवानाशे मारुमनी (सात) ने लिंडे के खिलाफ पहली ही गेंद पर चौका लगाया तो वहीं ब्रायन बेनेट ने ओवर का अंत छक्के से किया। मफाका ने अगले ओवर में मारुपमनी को बोल्ड कर दक्षिण अफ्रीका को पहली सफलता दिलाई। एकादश में वापसी कर रहे नॉर्किया ने अपने पहले ओवर में ही शानदार लय में चल रहे बेनेट की 15 रन की पारी पर विराम लगा दी। रजा ने छठे ओवर में कोर्बिन बोश, आठवें ओवर में नोर्किया और 10वें ओवर में कप्तान एडेन मारक्रम के खिलाफ लगातार गेंदों में चौके और छक्के लगाये जिससे 10 ओवर के बाद टीम का स्कोर तीन विकेट पर 80 रन हो गया। टीम ने इस बीच दूसरे छोर से मायर्स (11), रेयान बर्ल (पांच) और टोनी मुनयोंगा (दो) के विकेट गंवा दिये। मायर्स को लिंडे ने चलता किया जबकि बर्ल एनगिडी की गेंद पर पगबाधा हुए। बोश ने मुनयोंगा के लेग स्टंप को उखाड़ पवेलियन की राह दिखाई। रजा ने मफाका की गेंद पर ग्लांस कर चौका जड़ने के बाद एक रन चुराकर 29 गेंद में मौजूदा विश्व कप का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अर्धशतक पूरा करने के बाद बोश के खिलाफ चौका और मफाका के खिलाफ मिडविकेट के ऊपर से दिलकश छक्का जड़ा। मफाका ने हालांकि धीमी गेंद पर रजा को चकमा दिया और गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर हवा में लहरा गयी। मिलर ने आसानी से कैच लपक कर उनकी पारी को खत्म किया। जिम्बाब्वे के बल्लेबाज इसके बाद तेजी से रन बनाने में नकाम रहे। इवांस ने नो बॉल और फ्री हीट पर चूकने के बाद एनगिडी की गेंद को डीप एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से छक्का जड़ दिया। बोश ने आखिरी ओवर में इवांस को बोल्ड किया जबकि मांडाने ने चौका जड़ टीम के स्कोर को 150 रन के पार पहुंचाया। भाषा आनन्द मोनामोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
