scorecardresearch
Sunday, 1 March, 2026
होमदेशअदालत ने युवा कांग्रेस के अध्यक्ष की जमानत पर रोक लगाई, कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया

अदालत ने युवा कांग्रेस के अध्यक्ष की जमानत पर रोक लगाई, कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया

Text Size:

नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस ने रविवार दोपहर शाखा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य सदस्यों की रिहाई की मांग को लेकर शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया।

युवा कांग्रेस के इन सदस्यों को ‘एआई इंपैक्ट समिट’ के दौरान कमीजें उतार कर विरोध प्रदर्शन करने के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था।

दिल्ली की एक अदालत ने चिब को दी गई जमानत पर रोक लगा दी थी जिसके एक दिन बाद कार्यकर्ताओं ने यह विरोध प्रदर्शन किया।

एक मजिस्ट्रेट अदालत ने चिब को रिहा करने का आदेश दिया था और कहा था कि जीवन और स्वतंत्रता का अधिकार ‘भारतीय संविधान की आत्मा’ है।

युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ‘जब प्रशासनिक दबाव हावी हो जाता है, तो न्याय भी डगमगाने लगता है’।

युवा कांग्रेस की मीडिया टीम के सदस्य रजा अहमद ने कहा, “हालांकि हम न्याय के जरिये जीत रहे हैं लेकिन प्रशासन से बार-बार हार रहे हैं। इसलिए हमारा सत्याग्रह जारी रहेगा और इन मुद्दों को इस आंदोलन के हिस्से के रूप में उठाया जाएगा।”

अहमद ने बताया कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था।

उन्होंने कहा, “उदय भानु को शनिवार तड़के जमानत मिल गई थी और जमानत मुचलका जमा भी कर दिया गया था। लेकिन बाद में हमें बताया गया कि उन्हें सत्यापन के लिए एक दिन की हिरासत में भेजा गया है। फिर शाम तक हमें बताया गया कि जमानत मुचलका रद्द कर दिया गया और उन्हें पांच दिन की रिमांड पर भेजा जा रहा है।”

अहमद ने दावा किया, “मीडिया में खबर आने के कम से कम एक घंटे बाद आधिकारिक फोन आया।”

शनिवार को चिब को जमानत मिलने के कुछ घंटों बाद दिल्ली पुलिस की याचिका पर अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अमित बंसल ने आदेश पर रोक लगा दी और मामले की सुनवाई छह मार्च को तय की।

चिब को शुक्रवार देर रात करीब एक बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट वंशिका मेहता के आधिकारिक आवास पर पेश किया गया था।

चिब को 20 फरवरी के विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में गिरफ्तारी के बाद 24 फरवरी को चार दिन की पुलिस हिरासत में रखा गया था, जो अब समाप्त हो चुकी है।

युवा कांग्रेस ने कहा कि चिब और हिरासत में लिए गए अन्य सदस्यों की रिहाई तक उनका शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments