scorecardresearch
Sunday, 1 March, 2026
होमदेशकेरल के मुख्यमंत्री ने खाड़ी क्षेत्र में भारतीयों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई

केरल के मुख्यमंत्री ने खाड़ी क्षेत्र में भारतीयों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, एक मार्च (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने ईरान पर अमेरिका-इजराइल के हमले के बाद खाड़ी क्षेत्र की स्थिति पर चिंता जताई और केंद्र सरकार से वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लिखे पत्र में विजयन ने कहा कि ईरान पर हमले के बाद के घटनाक्रम से विशेषकर केरल में प्रवासियों के परिवारों और आम लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में बड़ी संख्या में केरल के लोग रहते हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार से क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित करने और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित वापस लाने की व्यवस्था समेत जरूरी कदम उठाने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं ईरान पर हमले के बाद उत्पन्न स्थिति पर अपनी चिंता व्यक्त करने के लिए यह पत्र लिख रहा हूं। हमले का प्रतिकूल प्रभाव अब खाड़ी क्षेत्र के सभी देशों पर पड़ रहा है।”

उन्होंने उल्लेख किया कि बड़ी संख्या में भारतीय, जिनमें केरल के भी अनेक लोग शामिल हैं, खाड़ी देशों में रह रहे हैं और उनके परिजन उनकी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता में हैं।

विजयन ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि केंद्र सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए उचित कदम उठाएगी।

उन्होंने पत्र में कहा, “इस समय मैं माननीय प्रधानमंत्री को हमारे नागरिकों की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता से अवगत करा रहा हूं। इनमें बड़ी संख्या में केरल के लोग शामिल हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर केरल सरकार हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है, जिसमें परिजनों को प्रवासियों से संपर्क में रहने में मदद के लिए हेल्पलाइन स्थापित करना भी शामिल है।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments