भुवनेश्वर, एक मार्च (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने विदेश मंत्रालय के साथ पश्चिम एशिया में रहने वाले या फंसे हुए राज्य के लोगों की सुरक्षित वापसी पर चर्चा की है। यह जानकारी रविवार को एक मंत्री ने दी।
संघर्षग्रस्त क्षेत्र से ओडिया लोगों को बचाने के संबंध में मीडिया के एक प्रश्न पर ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा, ‘‘हमारे मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्रालय के साथ चर्चा की है और बहुत जल्द हमारे राज्य के लोग ओडिशा लौट आएंगे।’’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालय ने संघर्षग्रस्त क्षेत्र से हर भारतीय नागरिक को निकालने के लिए चौतरफा प्रयास किए हैं।
मंत्री ने कहा, “सरकार ने सभी योजनाएं बना ली हैं और सबकुछ तय समय पर चल रहा है। पूरी संभावना है कि इन सभी लोगों (भारतीयों) में से एक भी व्यक्ति पीछे नहीं छूटेगा… सभी को बचा लिया जाएगा और भारत वापस लाया जाएगा।”
अमेरिका और इजराइल ने शनिवार को ईरान पर एक बड़ा हमला किया, जिसमें रविवार तड़के ईरानी सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए।
इस युद्ध के चलते हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण पश्चिम एशिया और भारत सहित अन्य देशों में सैकड़ों उड़ानें बाधित हुई हैं।
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
