(तस्वीरों के साथ)
नागपुर, एक मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर जिले में विस्फोटक पदार्थ बनाने वाले एक कारखाने में रविवार सुबह हुए शक्तिशाली धमाके में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गयी और 18 अन्य घायल हो गए।
यह घटना आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में एक पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट के एक दिन बाद हुई है, जिसमें 21 लोगों की जान चली गई थी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह विस्फोट कटोल तहसील के राउलगांव स्थित खनन और औद्योगिक कार्यों के लिए विस्फोटक पदार्थ बनाने वाली कंपनी ‘एसबीएल एनर्जी लिमिटेड’ के कारखाने में हुआ।
पुलिस ने बताया कि विस्फोट में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गयी और 18 अन्य घायल हो गए।
शव बुरी तरह जल चुके हैं और उनकी पहचान करना असंभव है। मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए परिवार के सदस्यों के नमूने डीएनए परीक्षण के वास्ते लिए जा रहे हैं।
पीड़ितों के शोक संतप्त परिवार के सदस्य अपने प्रियजनों के बारे में जानने की उम्मीद में जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित कारखाने परिसर में उमड़ पड़े।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विस्फोट के कारणों की गहन जांच के आदेश दिए हैं।
फडणवीस ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम, पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पीईएसओ) और सुरक्षा के लिए रक्षा सूचना प्रणाली (डीआईएसएस) के अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर मौजूद थीं और युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद घायलों को नागपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जिला कलेक्टर विपिन इटांकर और पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार घटना के बाद मौके पर पहुंचे।
एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना कंपनी की डेटोनेटर पैकिंग इकाई में सुबह सात बजे से सवा सात बजे के बीच हुई।
कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘यह घटना कारखाने के पैकिंग क्षेत्र में घटी, जहां उस समय कोई सक्रिय विनिर्माण कार्य नहीं चल रहा था। घटना के सटीक कारण की जांच अभी जारी है और हम संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।’’
इसमें कहा गया है कि एक आंतरिक समीक्षा शुरू कर दी गई है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित सुधारात्मक और निवारक उपाय लागू किए जाएंगे।
कंपनी ने कहा कि पीड़ित कर्मचारियों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता है। कंपनी ने कहा कि स्थानीय अधिकारियों के समन्वय से घायलों को तत्काल वित्तीय सहायता दी जा रही है और उनके चिकित्सा उपचार का पूरा खर्च वहन किया जा रहा है।
उसने कहा कि आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रोटोकॉल को तुरंत सक्रिय कर दिया गया और स्थिति नियंत्रण में थी।
कंपनी ने कहा, ‘‘नागपुर जिले के कटोल स्थित हमारी इकाई में हुई घटना से हम बेहद दुखी हैं और जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है, उनके परिवारों के प्रति हम अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं।’’
उसने कहा, ‘‘हम सुरक्षा और पारदर्शिता के उच्चतम मानकों के प्रति प्रतिबद्ध हैं। जैसे ही सत्यापित जानकारी उपलब्ध होने पर आपके साथ साझा की जाएगी।’’
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।
उन्होंने कहा कि घायलों को तुरंत नागपुर ले जाया गया है और उन्हें हरसंभव चिकित्सा देखभाल प्रदान की जा रही है और उन्होंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
भाषा गोला प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
