भाभुआ (बिहार), एक मार्च (भाषा) बिहार के कैमूर जिले में रविवार सुबह बस और ट्रक के बीच टक्कर होने से एक लड़की समेत तीन लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हादसा सुबह करीब छह बजे नसेज रेलवे क्रॉसिंग गेट के पास कुद्रा थाना क्षेत्र में हुआ।
अनुमंडल पुलिस अधिकारी (मोहनिया) प्रदीप कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “सुबह करीब छह बजे एक डंपर ट्रक ने बस को टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।”
उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है, लेकिन एसडीपीओ ने पुष्टि की कि हादसे में मरने वालों में एक लड़की भी शामिल है।
कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का इलाज भभुआ के सदर अस्पताल में किया जा रहा है।
एक यात्री के अनुसार, दुर्घटना के समय बस रांची से आ रही थी और उत्तर प्रदेश की ओर जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार डंपर ट्रक गलत दिशा से आ रहा था और उसने बस को टक्कर मार दी।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
