पुणे, एक मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे स्थित एक संस्थान में एमबीए की पढ़ाई करने वाले 84 छात्र पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण दुबई में फंसे हुए हैं। संस्थान ने रविवार को यह जानकारी दी।
‘इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज’ (आईएसबीएस) के अधिकारियों ने बताया कि संस्थान के छात्र वार्षिक पांच दिवसीय अध्ययन यात्रा के तहत दुबई गए थे।
उन्होंने बताया कि सभी विद्यार्थी सुरक्षित हैं और उन्हें एक होटल में ठहराया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि 40 विद्यार्थियों को शनिवार को पुणे लौटना था, वहीं शेष 44 छात्र-छात्राओं को रविवार को उड़ान भरनी थी हालांकि, पश्चिम एशिया में संघर्ष व उसके परिणामस्वरूप हवाई क्षेत्र को बंद किये जाने के कारण वे लौट नहीं सकें।
शैक्षिक संस्थान के डीन जनार्दन पवार ने बताया, ‘‘सभी सुरक्षित हैं और उन्हें एक होटल में ले जाया गया है।’’
‘इंदिरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स’ की चेयरपर्सन तारिता शंकर ने बताया कि एमबीए के छात्र और स्टाफ सदस्य अध्ययन यात्रा के तहत दुबई गए थे लेकिन हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण वे वहीं फंस गए हैं।
उन्होंने बताया, ‘‘सभी छात्र और स्टाफ सदस्य सुरक्षित हैं। हम उनके साथ लगातार संपर्क में हैं। हम विदेश मंत्रालय और नागर विमानन मंत्रालय के साथ भी समन्वय कर रहे हैं। उन्हें जल्द से जल्द वापस लाया जाएगा।’’
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की इजराइल और अमेरिका के हमले में मौत हो गयी।
ईरान की सरकारी मीडिया ने रविवार तड़के इसकी पुष्टि की।
इस घटनाक्रम के बाद पश्चिम एशिया में उड़ानें बाधित हुईं और संयुक्त अरब अमीरात की वाणिज्यिक राजधानी दुबई पर हवाई हमलों से हुए धमाकों की आवाजें सुनी गयीं।
भाषा गोला जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
