scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशराजस्थान: फर्जी दस्तावेज बनाकर बीमा पालिसी के पैसे हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश

राजस्थान: फर्जी दस्तावेज बनाकर बीमा पालिसी के पैसे हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश

Text Size:

जयपुर, 27 फरवरी (भाषा) डूंगरपुर जिले में पुलिस ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने फर्जी दस्तावेज बनाकर बीमा पालिसी के पैसे हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

डूंगरपुर के जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने शुक्रवार को कहा कि एक न‍िजी जीवन बीमा कंपनी से शिकायत मिली थी कि उसकी डूंगरपुर शाखा के कुछ कर्मचारी दस्तावेज में फेरबदल कर रहे हैं तथा पुरानी व ‘निष्क्रिय’ पॉलिसी के पैसे अन्य बैंक खातों में भेजकर धोखाधड़ी कर रहे हैं।

पुलिस ने जांच करते हुए कंपनी के शाखा कार्यालय से कंप्यूटर, मोबाइल फोन व कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर नकली रिकॉर्ड बनाने के लिए किया गया था।

पुलिस ने कंपनी की डूंगरपुर शाखा के एक ‘कस्टमर केयर’ के कर्मचारी सूरज कुमार श्रीवास्तव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके खुलासे के आधार पर कंपनी की उदयपुर शाखा से दो और कर्मचारियों (मयंक और जगदीश) को भी हिरासत में लिया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपियों ने कंपनी की विभागीय प्रणाली का गलत इस्तेमाल करके ऐसी पॉलिसी चिह्नित की जिनके धारक की मौत हो चुकी थी, या वे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे अथवा उनका कोई कानूनी वारिस नहीं है।”

उन्होंने कहा कि आरोपियों ने नकली आधार कार्ड, पैन कार्ड, चेक बुक और बैंक पासबुक तैयार किए और पॉलिसी धारक की ‘केवाईसी’ तथा बैंक जानकारी में बिना अनुमति बदलाव किए। इसके बाद उनकी राशि को अन्य बैंक खातों में अंतरित करा दिया।

उन्होंने कहा कि अब तक 18 पॉलिसी के साथ छेड़छाड़ का पता चला है और लगभग 58 लाख रुपये की निकासी धोखाधड़ी से की गई है।

भाषा पृथ्वी

संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments