scorecardresearch
Wednesday, 25 February, 2026
होमदेशठाणे में विदेशियों को ठगने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़

ठाणे में विदेशियों को ठगने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़

Text Size:

ठाणे, 25 फरवरी (भाषा) ठाणे पुलिस ने सॉफ्टवेयर बेचने के नाम पर विदेशी नागरिकों, विशेषकर अमेरिकी नागरिकों से ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सहायक पुलिस आयुक्त (अंबरनाथ प्रभाग) शैलेश काले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मंगलवार देर रात ठाणे जिले के अंबरनाथ इलाके में स्थित एक व्यावसायिक केंद्र में छापा मारकर कॉल सेंटर के मालिक सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि यह फर्जी कॉल सेंटर सॉफ्टवेयर सेवाएं प्रदान करने की आड़ में संचालित किया जा रहा था। कॉल सेंटर के कर्मचारी विदेशी नागरिकों, खासकर अमेरिका के लोगों को निशाना बनाते थे। वे फोन के जरिए उनसे संपर्क कर सॉफ्टवेयर सेवाओं के आकर्षक प्रस्ताव देते और विभिन्न माध्यमों से उनसे धन वसूलते थे।

पुलिस को अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद छापेमारी की गई। तलाशी अभियान बुधवार सुबह तक जारी रहा।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शब्बीर सैयद ने बताया कि कर्मचारी रोजाना सैकड़ों विदेशी नंबरों पर कॉल करते थे और कुछ लोगों को ठगने में सफल हो जाते थे।

उन्होंने कहा, “आरोपी पहले पीड़ितों से अग्रिम भुगतान लेते थे और पैसा मिलने के बाद उनसे संपर्क तोड़ देते थे।”

उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को बातचीत के लिए एक विशेष स्क्रिप्ट दी जाती थी, ताकि वे पीड़ितों का विश्वास जीत सकें और उन्हें धन हस्तांतरित करने के लिए राजी कर सकें।

पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कथित रैकेट में इस्तेमाल की जा रही अन्य सामग्री जब्त की है।

काले ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस पीड़ितों का पता लगा रही है।

भाषा

राखी मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments