scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत, खाड़ी सहयोग परिषद ने मुक्त व्यापार समझौते के लिए बातचीत शुरू की

भारत, खाड़ी सहयोग परिषद ने मुक्त व्यापार समझौते के लिए बातचीत शुरू की

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) भारत और पश्चिम एशिया के छह देशों के समूह खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) ने प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए बातचीत शुरू कर दी है। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई।

इस संबंध में परिषद के महासचिव जासिम मोहम्मद अल बुदैवी और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के बीच नयी दिल्ली में एक संयुक्त बयान पर हस्ताक्षर किए गए।

वाणिज्य मंत्रालय ने कहा, ‘भारत-जीसीसी एफटीए पर जारी संयुक्त वक्तव्य के साथ एक व्यापक और दोनों पक्षों के लिए लाभकारी समझौते की दिशा में औपचारिक रूप से वार्ता शुरू हो गई है।’

अल बुदैवी ने कहा कि यह एफटीए भारत और जीसीसी देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा तथा कारोबार के लिए स्थिरता और भरोसा बढ़ाएगा।

जीसीसी भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक समूह है। वर्ष 2024-25 में दोनों पक्षों के बीच कुल व्यापार 178.56 अरब अमेरिकी डॉलर रहा। इसमें भारत का निर्यात 56.87 अरब डॉलर और आयात 121.68 अरब डॉलर रहा।

यह भारत के कुल वैश्विक व्यापार का 15.42 प्रतिशत है। पिछले पांच वर्षों में भारत और जीसीसी के बीच व्यापार में औसतन 15.3 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई है।

गोयल ने कहा कि यह कदम वस्तुओं के व्यापार, सीमा शुल्क प्रक्रिया, सेवाओं, डिजिटल व्यापार, आधुनिक प्रौद्योगिकी और निवेश प्रवाह जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में गहरे सहयोग की दिशा में बड़ा कदम है।

जीसीसी में सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), कतर, कुवैत, ओमान और बहरीन शामिल हैं।

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments