शिलांग, 23 फरवरी (भाषा) मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने सोमवार को कहा कि स्वास्थ्य विभाग मावियोंग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ी उन परिस्थितियों की जांच कर रहा है कि पिछले सप्ताह फुटसल खेलते समय गिरने के बाद सांसद डॉ. रिकी ए जे सिंगकोन को जब वहां ले जाया गया था तो वहां चिकित्सक था या नहीं।
शिलांग से लोकसभा सांसद सिंगकोन खेलते समय गिर गए थे और उन्हें यहां एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने से पहले मावियोंग पीएचसी ले जाया गया, उन्हें बाद में मृत घोषित कर दिया गया।
संगमा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जांच की जा रही है (पीएचसी में डॉक्टर की उपलब्धता के बारे में) और उस जांच के आधार पर, मुझे लगता है कि स्वास्थ्य विभाग आवश्यक कदम उठाएगा।’
उस समय वहां चिकित्सकों की कथित अनुपस्थिति ने चिंता पैदा कर दी थी और जवाबदेही की मांग उठने लगी थी।
स्थानीय निवासियों और नागरिक समाज से जुड़े समूहों ने पीएचसी में अधिक कर्मचारियों की मांग की थी।
सिंगकोन ‘वॉयस ऑफ द पीपुल पार्टी’ के संस्थापक महासचिव भी थे। उनका 19 फरवरी को निधन हो गया था।
भाषा शोभना सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
