scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशशबरिमला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश मुद्दे पर भाजपा विजयन के आवास के सामने ‘अय्यप्पा ज्योति’ जलाएगी

शबरिमला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश मुद्दे पर भाजपा विजयन के आवास के सामने ‘अय्यप्पा ज्योति’ जलाएगी

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, 23 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कहा कि वह केरल सरकार से उच्चतम न्यायालय में दायर उस हलफनामे को वापस लेने की मांग को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के आधिकारिक आवास के सामने 24 फरवरी को ‘अयप्पा ज्योति’ जलाएगी, जिसमें शबरिमला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश का समर्थन किया गया है।

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य पीके कृष्णदास ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी चाहती है कि सरकार मंदिर अनुष्ठानों और श्रद्धालुओं के हितों की रक्षा के पक्ष में एक नया हलफनामा दाखिल करे तथा इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करे।

कृष्णदास ने कहा कि मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास के सामने शाम पांच बजे आयोजित किए जाने वाले ‘अयप्पा ज्योति’ प्रज्वलन कार्यक्रम में भगवान अयप्पा के हजारों भक्त और भाजपा कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।

उन्होंने कहा कि शबरिमला का प्रवेश द्वार कहलाने वाले चेंगन्नूर में ‘अय्यप्पा संरक्षण संगम’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रार्थना की जाएगी कि मुख्यमंत्री और राज्य सरकार इस मुद्दे पर “सही रुख” अपनाएं।

कृष्णदास ने कहा कि आने वाले दिनों में राज्यभर में 23,000 से अधिक बूथ में ‘अय्यप्पा ज्योति’ जलाए जाने सहित इसी तरह के कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने मंदिर की परंपराओं के कथित उल्लंघन का विरोध करने वाले अय्यप्पा भक्तों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की भी मांग की।

कृष्णदास ने राज्य सरकार और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से उनके “अय्यप्पा विरोधी रुख” को समाप्त करने का आग्रह किया। उन्होंने राज्य सरकार और माकपा से शबरिमला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने को भी कहा।

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments