scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशनरेला में फैक्टरी मालिक की चाकू गोदकर हत्या; तीन गिरफ्तार

नरेला में फैक्टरी मालिक की चाकू गोदकर हत्या; तीन गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में काम से संबंधित विवाद के बाद 28 वर्षीय फैक्टरी मालिक की कुछ लोगों ने कथित रूप से चाकू गोदकर हत्या कर दी। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह घटना 20 फरवरी को रात करीब 8.30 बजे हुयी, जब चौधरी एंटरप्राइजेज नामक इकाई के सह-मालिक रवि अपनी फैक्टरी से मोटरसाइकिल पर निकल रहे थे।

पुलिस ने बताया कि हमलावरों के एक समूह ने रवि को घेर लिया और चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी गर्दन, कंधे और पीठ पर कई जख्म हो गये । उसे तुरंत नरेला के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने बताया, ‘मृतक के भाई की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर एक टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या से एक दिन पहले रवि का राहिद उर्फ राहिल नामक एक मजदूर के साथ काम से संबंधित निर्देशों को लेकर झगड़ा हुआ था।’

पुलिस ने बताया कि बहस के दौरान रवि ने राहिद को थप्पड़ मारा था, जिसके कारण रंजिश की शुरुआत हुई।

अधिकारी ने कहा, ‘टीम ने संदिग्धों की पहचान कर उनका पीछा किया। 22 फरवरी को पुलिस ने तीन लोगों – रितिक (18), अभय (19) और 17 वर्षीय लड़के को पकड़ लिया।’

हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए दो चाकू और दो मोटरसाइकिलें आरोपियों के पास से बरामद की गईं। पुलिस ने बताया कि साजिश में शामिल बाकी आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

भाषा नोमान

नोमान रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments