scorecardresearch
Tuesday, 24 February, 2026
होमदेशअर्थजगतगोदरेज प्रॉपर्टीज ने 18 एकड़ की आवासीय परियोजना के लिए भूस्वामी के साथ साझेदारी की,7500 करोड़ रुपये राजस्व का लक्ष्य

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने 18 एकड़ की आवासीय परियोजना के लिए भूस्वामी के साथ साझेदारी की,7500 करोड़ रुपये राजस्व का लक्ष्य

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने अपने विस्तार योजना के तहत मुंबई क्षेत्र में 18 एकड़ के आवासीय परियोजना के विकास के लिए एक भूस्वामी के साथ साझेदारी की है।

इस परियोजना से 7,500 करोड़ रुपये से अधिक के संभावित राजस्व अर्जित होने की उम्मीद है।

मुंबई स्थित कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसने ‘‘ मुंबई के ठाणे में 18 एकड़ भूखंड के विकास के लिए संयुक्त विकास समझौता किया है। ’’

कंपनी ने हालांकि भूस्वामी का नाम उजागर नहीं किया है।

गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने कहा, ‘‘ प्रस्तावित विकास मुख्य रूप से आवासीय परियोजना होगी जिसकी अनुमानित राजस्व क्षमता 7,500 करोड़ रुपये से अधिक है।’’

कारोबार के विस्तार के लिए गोदरेज प्रॉपर्टीज जमीन की सीधी खरीद भी करती है और भूमि मालिकों के साथ संयुक्त विकास समझौते के तहत आवासीय परियोजनाएं विकसित करती है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गौरव पांडेय ने कहा, ‘‘ उच्च संभावनाओं वाले सूक्ष्म बाजारों में रणनीतिक विस्तार हमारी वृद्धि रणनीति का अहम हिस्सा है और हमारा ध्यान मकान खरीदारों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने पर है।’’

उन्होंने कहा कि ठाणे, मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में सबसे आकर्षक स्थानों में से एक के रूप में उभरा है। यह ठाणे में कंपनी की चौथी परियोजना होगी।

गोदरेज प्रॉपर्टीज देश की अग्रणी रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है। चालू वित्त वर्ष 2025-26 के पहले नौ महीनों में कंपनी की बिक्री बुकिंग 25 प्रतिशत बढ़कर 24,008 करोड़ रुपये रही। उसे वित्त वर्ष 2025-26 में 32,500 करोड़ रुपये के लक्ष्य को हासिल करने का भरोसा है।

भाषा निहारिका

निहारिका

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments