scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशएआई शिखर सम्मेलन में विरोध प्रदर्शन भारत के खिलाफ एक सोची-समझी साजिश: रीजीजू का कांग्रेस पर निशाना

एआई शिखर सम्मेलन में विरोध प्रदर्शन भारत के खिलाफ एक सोची-समझी साजिश: रीजीजू का कांग्रेस पर निशाना

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने शनिवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में विरोध प्रदर्शन करने के लिए अपनी युवा शाखा के कार्यकर्ताओं को लगाकर देश के खिलाफ ‘‘बड़ा पाप’’ किया है।

रीजीजू ने विरोध प्रदर्शन को ‘‘शर्मनाक’’ बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस युवा शाखा का विरोध प्रदर्शन कोई गलती नहीं, बल्कि भारत पर हमला करने के लिए पार्टी द्वारा रची गई एक सोची-समझी साजिश थी।

उन्होंने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस ने एआई शिखर सम्मेलन में विरोध प्रदर्शन के लिए अपनी युवा शाखा का इस्तेमाल करके ‘‘देश के खिलाफ बड़ा पाप’’ किया है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस द्वारा युवाओं का इस्तेमाल देश को बदनाम करने के लिए करना, इससे अधिक शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता।’’

रीजीजू ने कहा कि जहां पूरा देश शिखर सम्मेलन में कांग्रेस के कृत्यों की निंदा कर रहा है, वहीं पार्टी और उसके नेता माफी मांगने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जब भारत प्रगति करता है, तो राहुल गांधी और कांग्रेस दुखी हो जाते हैं। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता भारत को बदनाम करने के लिए चौबीसों घंटे साजिशें रचते रहते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि आप राष्ट्रविरोधी कृत्यों में लिप्त होना कब बंद करेंगे?’’

भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शुक्रवार को ‘एआई इंपैक्ट समिट’ के एक प्रदर्शनी हॉल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से हटा दिया।

भाषा अमित नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments