scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशअर्थजगतएआई-केंद्रित बदलाव में भारत के पास अविश्वसनीय अवसर: क्वालकॉम सीईओ

एआई-केंद्रित बदलाव में भारत के पास अविश्वसनीय अवसर: क्वालकॉम सीईओ

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) सेमीकंडक्टर विनिर्माता क्वालकॉम के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) क्रिस्टियानो एमॉन ने शुक्रवार को कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) से एक बुनियादी बदलाव आएगा जिससे नए उपकरण, अनुभव एवं सेवाएं विकसित होंगी और एक ‘विशाल अवसर’ पैदा होगा जो इस परिवर्तन से लाभ उठाने के लिए भारत को एक ‘अविश्वसनीय’ मौका प्रदान करता है।

एमॉन ने यहां आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ को संबोधित करते हुए कहा कि इंटरनेट के शुरुआती दौर को पीछे छोड़ते हुए सीधे मोबाइल इंटरनेट को अपनाने वाले भारत जैसे देश के लिए एआई के मामले में भी यही बात ‘फिर से सच साबित होने जा रही है’।

उन्होंने कहा कि एआई में ‘सब कुछ बदल देने, नए उपकरण, नए अनुभव और नयी सेवाएं तैयार करने’ की क्षमता है, जो एक बड़े अवसर के रूप में उभरेगा।

भारत के लिए संभावनाओं को रेखांकित करते हुए क्वालकॉम के शीर्ष अधिकारी ने कहा, ‘बड़े पैमाने पर औद्योगिकीकरण की दिशा में बढ़ने की एक प्रक्रिया जारी है। भारत एक वैश्विक विनिर्माण केंद्र भी बन रहा है। एआई की मदद से आप इन प्रौद्योगिकियों द्वारा समर्थित स्मार्ट विनिर्माण और स्वचालन के क्षेत्र में हो रहे बड़े बदलावों का शुरुआत से ही हिस्सा बन सकते हैं।’

उन्होंने कहा कि भारत के स्मार्ट शहरों के बुनियादी ढांचे के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और शिक्षा के क्षेत्र में प्रभावी शिक्षण उपकरण प्रदान करने में भी एआई महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। साथ ही, एआई कृषि जैसे क्षेत्रों को भी मौलिक रूप से बदल सकता है।

भाषा

सुमित प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments