scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमदेशअर्थजगतएंथ्रोपिक ने बेंगलुरु में खोला अपना कार्यालय, कई साझेदारियों की घोषणा की

एंथ्रोपिक ने बेंगलुरु में खोला अपना कार्यालय, कई साझेदारियों की घोषणा की

Text Size:

बेंगलुरु, 16 फरवरी (भाषा) कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र की दिग्गज अमेरिकी कंपनी एंथ्रोपिक ने सोमवार को बेंगलुरु में अपना कार्यालय खोलने के साथ भारत में उद्यम, शिक्षा तथा कृषि क्षेत्रों में विभिन्न साझेदारियों की घोषणा की।

कंपनी ने एक बयान में भारत को अपने एआई मॉडल ‘क्लॉड.एआई’ के लिए दूसरा सबसे बड़ा बाजार बताते हुए कहा कि अक्टूबर, 2025 में विस्तार की घोषणा के बाद से भारत में उसकी मौजूदा आय की रफ्तार दोगुनी हो गई है।

बेंगलुरु कार्यालय एशिया में तोक्यो के बाद कंपनी का दूसरा दफ्तर है। भारतीय इकाई की प्रबंध निदेशक इरिना घोष इस कार्यालय की कमान संभालेंगी। यह कार्यालय विभिन्न भूमिकाओं के लिए स्थानीय प्रतिभाओं की नियुक्ति पर ध्यान देगा।

एंथ्रोपिक ने कहा कि भारत में बढ़ते ग्राहक आधार को समर्थन देने के लिए उसकी टीम उद्यमों, डिजिटल कंपनियों एवं स्टार्टअप को एआई समाधान के डिजाइन, विकास और विस्तार में सहयोग करेगी।

कंपनी के मुताबिक, भारतीय भाषाओं में अपने मॉडल के प्रदर्शन में सुधार के लिए उसने हिंदी, बांग्ला, मराठी, तेलुगु, तमिल, पंजाबी, गुजराती, कन्नड़, मलयालम और उर्दू सहित 10 भाषाओं में प्रशिक्षण डेटा को बेहतर बनाने की पहल की है।

कंपनी अब ‘कार्या’ और ‘कलेक्टिव इंटेलिजेंस प्रोजेक्ट’ के साथ मिलकर कृषि और कानून जैसे क्षेत्रों में स्थानीय उपयोग मामलों के लिए मूल्यांकन ढांचा तैयार कर रही है। इस पहल में ‘डिजिटल ग्रीन’ और ‘अदालत एआई’ जैसे संगठनों के विशेषज्ञ भी शामिल हैं।

एंथ्रोपिक ने कहा कि एयर इंडिया अपने सॉफ्टवेयर विकास कार्यों में ‘क्लॉड कोड’ का इस्तेमाल कर रही है जबकि क्रेड एवं कॉग्निजेंट भी इसके समाधान अपना रही हैं।

कंपनी ने कहा कि भारत में अपनी विस्तारित उपस्थिति के साथ वह आने वाले समय में साझेदारियों को बढ़ाएगी।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments