scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमदेशअर्थजगतजनवरी में अमेरिका को भारत का निर्यात 22 प्रतिशत घटकर 6.6 अरब डॉलर रहा

जनवरी में अमेरिका को भारत का निर्यात 22 प्रतिशत घटकर 6.6 अरब डॉलर रहा

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) अमेरिका द्वारा लगाए गए उच्च शुल्क के बीच जनवरी में अमेरिका को भारत का वस्तु निर्यात 21.77 प्रतिशत घटकर 6.6 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।

पिछले साल सितंबर, अक्टूबर और दिसंबर में भी निर्यात में गिरावट देखी गई थी, जबकि नवंबर में यह 22.61 प्रतिशत बढ़ा था।

अमेरिका ने 27 अगस्त से भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत शुल्क लागू किया था। दोनों देशों के बीच अब एक अंतरिम व्यापार समझौते पर सहमति हुई है, जिसके तहत अमेरिका ने सात फरवरी से भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत का दंडात्मक शुल्क हटा दिया है और जबावी शुल्क 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है।

वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में अमेरिका से आयात 23.71 प्रतिशत बढ़कर 4.5 अरब डॉलर हो गया।

चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जनवरी अवधि के दौरान अमेरिका को देश का निर्यात 5.85 प्रतिशत बढ़कर 72.46 अरब डॉलर हो गया, जबकि आयात 13.87 प्रतिशत बढ़कर 43.92 अरब डॉलर रहा।

जनवरी में चीन को देश का निर्यात 55.65 प्रतिशत बढ़कर 1.63 अरब डॉलर हो गया, जबकि आयात 16.67 प्रतिशत बढ़कर 12.23 अरब डॉलर हो गया।

चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जनवरी अवधि के दौरान चीन को देश का निर्यात 38.37 प्रतिशत बढ़कर 15.88 अरब डॉलर हो गया, जबकि आयात 13.82 प्रतिशत बढ़कर 108.18 अरब डॉलर हो गया।

समीक्षाधीन महीने के दौरान संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, जर्मनी, सऊदी अरब, इटली, हांगकांग, स्पेन, बेल्जियम, मलेशिया और वियतनाम को भारत के निर्यात में सकारात्मक वृद्धि देखी गई।

हालांकि, ब्रिटेन, बांग्लादेश, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस और ब्राजील को निर्यात में नकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई।

आयात के मोर्चे पर जनवरी में रूस, इराक, दक्षिण कोरिया, जर्मनी, थाइलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों से आयात में गिरावट आई।

हालांकि, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, स्विट्जरलैंड, सिंगापुर, जापान और इंडोनेशिया से आयात बढ़ा।

भारत मुख्य रूप से स्विट्जरलैंड से सोना आयात करता है।

जनवरी में स्विट्जरलैंड से आयात 836.85 प्रतिशत बढ़कर 3.95 अरब डॉलर हो गया।

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments